बुलंदशहर, May 09, 2026

पलक झपकते ही उजड़ गया परिवार..
5 Dead Bulandshahr Accident:बुलंदशहर नेशनल हाईवे-34 पर खेतलपुर भांसीली के पास उस समय दिल दहला देने वाला मंजर बन गया जब वैष्णो देवी के दर्शन करके लौट रहा एक पूरा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। हंसी-खुशी से लौट रहा यह परिवार पल भर में मौत की गोद में समा गया और हाईवे चीख-पुकार से गूंज उठा।
धमरावली निवासी उत्तम सिंह अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन कर घर लौट रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी, तीन बच्चे शामिल थे। सभी लोग बाइक पर सवार थे और सफर में खुशियों के साथ घर लौटने की उम्मीदें लेकर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, ट्रक ने बाइक को ओवरटेक करते समय साइड से टंगे बैग को टक्कर मार दी। उसी झटके में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। गिरते ही सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही मिनटों में एक-एक कर पांचों की मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर उत्तम सिंह, उनके बेटे निशांत, बेटी दिशा और पत्नी उर्मिला के शव अलग-अलग जगह पड़े थे, जबकि छोटी बेटी नायरा कुछ समय तक जीवन और मौत के बीच जूझती रही। सड़क पर बिखरे इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग सदमे में आ गए और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
घटनास्थल से गुजर रही महिलाएं और राहगीर इस भयावह दृश्य को देखकर रो पड़े। लोग बार-बार यही कह रहे थे कि भगवान ऐसा किसी के साथ न करे। कई महिलाएं सड़क पर खड़े होकर आसमान की ओर हाथ उठाकर परिवार को बचाने की गुहार लगाती रहीं।
हादसे की खबर जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, हर तरफ शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं बल्कि एक पूरे परिवार के सपनों और खुशियों के खत्म हो जाने की दर्दनाक कहानी बन गई।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक द्वारा ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर बताया जा रहा है, हालांकि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
Published on: 09 May 2026 09:23 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।