12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आज जेल से छूटेंगे राजपाल यादव? कोर्ट में होगी सुनवाई, सलमान-अजय ने की मदद, पत्नी ने जताया आभार

Rajpal Yadav Bail Hearing: कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं। ऐसे में एक्टर की जमानत याचिका को लेकर आज कोर्ट में सुनवाई होनी है।

3 min read
Google source verification
Rajpal Yadav Bail Hearing

Rajpal Yadav (सोर्स- एक्स)

Rajpal Yadav Bail Hearing: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा एक पुराने कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। सालों तक अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने वाले राजपाल फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। 2010 के एक चेक बाउंस केस में 9 करोड़ रुपये का कर्ज न चुका पाने के कारण उन्हें सरेंडर करना पड़ा था। आज यानी 12 फरवरी को उनकी जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई होनी है, जिस पर परिवार और फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं।

मुश्किल वक्त में साथ खड़ी हुई फिल्म इंडस्ट्री (Rajpal Yadav Bail Hearing)

राजपाल यादव के इस कठिन दौर में बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े नाम उनके समर्थन में सामने आए हैं। सलमान खान, अजय देवगन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, वरुण धवन, सोनू सूद, मीका सिंह, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी, रतन जैन, कमाल आर खान, तेज प्रताप यादव और राव इंद्रजीत सिंह सहित कई हस्तियों ने आर्थिक सहयोग दिया है।

खास बात ये है कि इस मदद को किसी दया या चैरिटी के रूप में नहीं बल्कि एक प्रतिभाशाली कलाकार के सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (FWICE) ने भी इंडस्ट्री से अपील की है कि वे राजपाल का साथ दें। ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेजिस पर राजपाल यादव को लेकर कई पोस्ट साझा की गई हैं।

किसने कितनी मदद की? (Rajpal Yadav Bail Hearing)

म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत सिंह ने करीब 1.11 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। वहीं तेज प्रताप यादव और मीका सिंह ने 11-11 लाख रुपये का योगदान दिया। कमाल आर खान ने 10 लाख रुपये की मदद की। गुरु रंधावा ने राजपाल के साथ एक प्रोजेक्ट के लिए एडवांस पेमेंट पहले ही दे दी है।

भोजपुरी स्टार निरहुआ ने भी समर्थन जताते हुए कहा है कि वे अपने आगामी प्रोजेक्ट के निर्माताओं से अनुरोध करेंगे कि राजपाल को साइनिंग अमाउंट अग्रिम दे दिया जाए। इंडस्ट्री के इस सामूहिक प्रयास से उम्मीद जताई जा रही है कि राजपाल अपने बकाया कर्ज की बड़ी राशि चुका पाएंगे।

पत्नी राधा ने जताया आभार

राजपाल यादव की पत्नी राधा ने फिल्म जगत के समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में जिस तरह से लोगों ने साथ दिया है, वह परिवार के लिए बेहद भावुक कर देने वाला है। उनके मुताबिक, इंडस्ट्री ने एक परिवार की तरह सहयोग किया है।

क्या है पूरा मामला?

करीब 16 साल पहले राजपाल यादव ने अपने निर्देशन में फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। समय के साथ ब्याज जुड़ता गया और रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

बताया जाता है कि इस दौरान जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा। पहले भी इस केस में उन्हें जेल जाना पड़ा था। हाल ही में अदालत ने कर्ज चुकाने के लिए अतिरिक्त समय देने की याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा।

आज की सुनवाई पर टिकी निगाहें

आज होने वाली जमानत सुनवाई राजपाल यादव और उनके परिवार के लिए बेहद अहम है। यदि अदालत से राहत मिलती है तो वे तिहाड़ जेल से बाहर आ सकते हैं। इंडस्ट्री और फैंस को उम्मीद है कि आर्थिक सहयोग और कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें जल्द राहत मिलेगी।

एक समय अपनी कॉमेडी से लाखों चेहरों पर मुस्कान लाने वाले राजपाल यादव आज खुद एक कठिन परीक्षा से गुजर रहे हैं। अब देखना यह है कि अदालत का फैसला उनके जीवन में नई शुरुआत की राह खोलता है या नहीं।