
दिव्या भारती के करीबी दोस्त ने किया बड़ा खुलासा
Divya Bharti Death: 90 के दशक की सबसे खूबसूरत और कम उम्र की सुपरस्टार दिव्या भारती की मौत आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े रहस्यों में से एक मानी जाती है। महज 19 साल की उम्र में दुनिया छोड़ देने वाली दिव्या ने सिर्फ 3 साल के करियर में वो मुकाम हासिल किया था, जिसे पाने में लोगों को दशकों लग जाते हैं। हाल ही में दिव्या के करीबी दोस्त और फेमस चाइल्ड आर्टिस्ट मास्टर राजू ने एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस की निजी जिंदगी के उन अनकहे पन्नों को खोला है, जो अब तक दुनिया से छुपे थे।
सिद्धार्थ कन्नन के साथ मास्टर राजू ने खास बातचीत की। मास्टर राजू ने बताया कि दिव्या भारती उनकी सबसे अच्छी दोस्तों में से एक थीं। उन्होंने कहा, "दिव्या बिल्कुल भी फिल्मी नहीं थीं। हम घंटों बातें करते थे और साथ में डिस्को भी जाते थे। वह अपने करियर से बहुत खुश थीं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी में बहुत दुखी और अकेली थीं। दिव्या को अक्सर यह महसूस होता था कि लोग उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्हें लगता था कि क्योंकि वह बहुत कम उम्र में बड़ी कमाई कर रही थीं, इसलिए उनके आसपास के लोग सिर्फ उनके पैसे का गलत फायदा उठा रहे थे।
मास्टर राजू ने आगे बताया, दिव्या मुझे अपनी बताती रहती थीं और लोगों के उदाहरण भी देती रहती थीं। वह अकेली और दुखी थीं। आज नाम लेकर विवाद खड़ा करने का कोई मतलब नहीं है। वह अपने करियर से बहुत खुश थीं, लेकिन अपने पर्सनल रिश्तों से नहीं। पुरुषों या प्रेमियों से नहीं। दिव्या की जिंदगी में मची इस उथल-पुथल के बीच साजिद नाडियाडवाला की एंट्री ने उन्हें थोड़ी राहत दी थी।
मास्टर राजू ने बताया कि साजिद से शादी के बाद दिव्या काफी सकारात्मक और खुश रहने लगी थीं। उन्हें लगा था कि अब उनकी जिंदगी में वो इमोशनल स्टेबिलिटी आ गई है जिसकी उन्हें तलाश थी। राजू कहते हैं, "वह साजिद के साथ अपने भविष्य को लेकर बहुत सीरियस थीं। उनकी जिंदगी का वह हिस्सा कम से कम सुकून भरा था।
5 अप्रैल 1993 की उस मनहूस रात को याद करते हुए राजू भावुक हो गए। उन्होंने बताया, "जब उनकी मौत की खबर आई, तो मैं पूरी तरह हिल गया था। मैं उनके घर पहुंचने वाला पहला व्यक्ति था और श्मशान से जाने वाला सबसे आखिरी।" बता दें कि दिव्या अपने पांचवीं मंजिल के अपार्टमेंट की खिड़की से गिर गई थीं। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने बाद में इसे एक दुखद हादसा करार दिया था।
Updated on:
10 Feb 2026 09:15 am
Published on:
10 Feb 2026 09:01 am
