5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bijnor Accidents: बिजनौर में 24 घंटे में मौत का तांडव: तीन सड़क हादसों ने छीनी 6 जिंदगियां, पांच घायल

Bijnor Accidents: यूपी के बिजनौर जिले में 24 घंटे के भीतर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Google source verification
bijnor road accidents 6 dead 24 hours

Bijnor Accidents: बिजनौर में 24 घंटे में मौत का तांडव.. Image - Patrika

Bijnor road accidents 6 dead 24 hours: बिजनौर जिले में बीते 24 घंटों के भीतर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इन हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का इलाज जिला अस्पताल व निजी चिकित्सालयों में चल रहा है। लगातार जागरूकता अभियान और चालान की कार्रवाई के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है।

अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली बनी काल

पहला हादसा मंगलवार देर शाम चांदपुर थाना क्षेत्र में हुआ। पोपुलर की लकड़ियों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और तिगरी गांव के पास बाइक सवारों को कुचल दिया। इस हादसे में हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव पुठ्ठा निवासी हारून और उनकी लगभग तीन वर्षीय पुत्री महेनूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हारून की मां अनीसा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शादी से लौटते वक्त परिवार पर टूटा कहर

दूसरा दर्दनाक हादसा बुधवार देर शाम धामपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर निवासी विकास कुमार अपनी पत्नी मंजू (30 वर्ष), बेटी सृष्टि (3 वर्ष) और बेटे दिव्यांश (5 वर्ष) के साथ शादी समारोह से बाइक पर घर लौट रहे थे। भारत पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत

ट्रक की टक्कर से बाइक सड़क पर गिर गई, जिससे मंजू और उनकी बेटी सृष्टि ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर

तीसरा हादसा बुधवार देर शाम बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुआ। यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में गांव भगैंन निवासी निजामुद्दीन (40 वर्ष) और धर्मवीर सिंह के पुत्र अमित (38 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और हादसों के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।