
New rates apply to travel allowances for employees and officers in MP
MPLUN- मध्यप्रदेश में कर्मचारियों, अधिकारियों के भत्तों पर बड़ा फैसला सामने आया है। मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम MPLUN ने यात्रा भत्ता की नई दरें लागू करने का निर्णय लिया है। निगम की संचालक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। लघु उद्योग निगम अपने संचित लाभ में से लाभांश सीएम मोहन यादव को भेंट करेगा। एमएसएमई मंत्री एवं निगम के अध्यक्ष चेतन्य कुमार काश्यप मुख्यमंत्री को यह राशि सौंपेंगे। बैठक में निगम की आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। इसके लिए आगामी वित्त वर्ष में बड़ी मात्रा में कार्य आदेश जारी करने का निर्णय लिया गया है।
मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम MPLUN के संचालक मंडल की बैठक राज्य के एमएसएमई मंत्री व निगम के अध्यक्ष चेतन्य कुमार काश्यप की अध्यक्षता में हुई। मंगलवार को निगम के मुख्यालय पंचानन भवन में हुई इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया।
लघु उद्योग निगम के संचालक मंडल की यह 294 वीं बैठक थी। बैठक में एमएसएमई प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह और निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यहां पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण और पालन प्रतिवेदन की पुष्टि की गई। इस दौरान आडिट रिपोर्ट की समीक्षा भी गई।
संचालक मंडल की अहम बैठक में निर्णय लिया गया कि निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए आगामी वित्त वर्ष में बड़ी मात्रा में कार्य आदेश जारी करेगा। इसके साथ ही अपने संचित लाभ में से जल्द ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लाभांश के रूप में राशि भेंट करने पर भी सहमति बनी।
लघु उद्योग निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए संचालक मंडल की बैठक सौगातों भरी साबित हुई। बैठक में उनके यात्रा भत्तों के संबंध में अहम निर्णय लिया गया। संचालक मंडल ने निगम के कर्मचारियों, अधिकारियों के यात्रा भत्तों की नई दरें लागू करने का निर्णय लिया। खास बात यह है कि उन्हें अब मध्यप्रदेश शासन के समान यात्रा भत्ता देय होगा। बैठक के दौरान अनेक वर्षों के लेखों का अनुमोदन किया गया।
संचालक मंडल ने प्रबंध संचालक से कहा कि वे कर्मचारी चयन मंडल से समन्वय कर प्रबंधक आदि के रिक्त पदों पर भर्ती सुनिश्चित करवाएं। इस दौरान रैंप गतिविधियों की अद्यतन स्थिति से भी अवगत करवाया गया।
Published on:
11 Feb 2026 07:29 pm
