Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोटी, बेटी, चोटी और धोती का ध्यान रखो: संत उत्तम स्वामी

नगर निगम की ओर से महाराणा प्रताप की मूर्ति अनावरण

2 min read
Take care of your bread, daughter, braid and dhoti: Saint Uttam Swami

Take care of your bread, daughter, braid and dhoti: Saint Uttam Swami

महाराणा प्रताप की पंचधातु प्रतिमा के अनावरण समारोह में संत उत्तम स्वामी ने कहा कि जीवन में रोटी, बेटी, चोटी और धोती इन चार चीजों का ध्यान रखना हर व्यक्ति का धर्म है। महाराणा प्रताप ने अपने देश, समाज और सनातन धर्म की रक्षा के लिए रोटी छोड़कर घास खाई थी। आज हम उन्हीं के चरणों में बैठकर गर्व महसूस कर रहे हैं। संत उत्तम स्वामी गुरुवार को नगर निगम की ओर से स्थापित की गई महाराणा प्रताप की आदमकद प्रतिमा के अनावरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संत ने रिमोट का बटन दबाकर प्रतिमा का आनावरण किया। समारोह में जबरदस्त का उत्साह देखने को मिला। भील समाज के लोग अपने परंपरागत हथियार के साथ नृत्य करते हुए समारोह स्थल पर पहुचे। संत ने कहा कि आज हम माथे पर तिलक इसलिए लगा पा रहे हैं क्योंकि भील समाज और महाराणा प्रताप जैसे वीरों ने अपनी आहुति दी थी।

लक्ष्मण जैसे युवाओं की आवश्यकता

आज हमारी बेटियों के प्रति समाज में दुर्भावना बढ़ती जा रही है। ऐसी स्थिति में लक्ष्मण जैसे युवाओं की आवश्यकता है जो राष्ट्र और मातृशक्ति के अपमान पर जवाब देना जानें। हर सनातनी के माथे पर तिलक, गले में माला और जरूरत पड़ने पर हाथ में शस्त्र होना चाहिए।

महाराणा प्रताप हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा

नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप की गाथाएं 500 वर्षों से पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती आ रही हैं। जब न टीवी था, न इंटरनेट, तब भी लोग उनके चरित्र को सुनते और अगली पीढ़ी को बताते थे।

महापुरुषों को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला

नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि आज़ादी के बाद वामपंथी इतिहासकारों के षड्यंत्र के कारण हमारे महापुरुषों को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला, जिसके वे पात्र थे। नई शिक्षा नीति के तहत अब महान नायकों का सही इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है।

महापुरुषों के बिना भगवान की पूजा भी संभव नहीं

नगर निगम महापौर राकेश पाठक ने कहा कि प्रतिमा स्थापना में तकनीकी अड़चनें आने से कुछ विलम्ब हुआ, पर अब पंचधातु की आदमकद प्रतिमा स्थापित हो गई है। शीघ्र ही गोल प्याऊ चौराहे पर भी महाराणा प्रताप की एक और प्रतिमा हाथी पर महाराणा प्रताप स्थापित की जाएगी।

समारोह के दौरान दुर्गा शक्ति की बालिकाओं ने अखाड़ा प्रदर्शन किया। संत उत्तम स्वामी व विधायक ने जैसे ही बटन दबाया तो प्रतिमा के सामने लगा पर्दा नीचे गिर गया। इसके साथ ही आतिशबाजी व पुष्प वर्षा की गई। बाद में सभी अतिथियों ने पट्टिका का अनावरण किया तथा माल्यार्पण किया।

समारोह में जिला प्रमुख बरजीदेवी भील, विधायक उदयलाल भडाणा, अशोक कोठारी, गोपीचंद मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व सांसद सुभाष बहेडि़या, आरएसएस प्रचारक सुरेश चंद्र मंचासीन थे। आभार उप महापौर रामलाल योगी ने जताया। संचालन हंसा व्यास व अशोक व्यास ने किया।