
Rajsawan fiber optic cable was damaged during sewage excavation.
भीलवाड़ा शहर में विकास कार्यों के नाम पर चल रही बेतरतीब खुदाई ने अब सरकारी सिस्टम की रफ्तार पर ही ब्रेक लगा दिया है। सीवरेज परियोजना के तहत सर्किट हाउस के पास चल रही खुदाई के दौरान ठेकेदार की जेसीबी ने राजस्थान स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (राजस्वान) की मुख्य फाइबर ऑप्टिकल केबल को काट दिया। नतीजा यह हुआ कि रविवार से ही शहर के 20 प्रमुख सरकारी विभागों में इंटरनेट बंद हैं। आलम यह है कि पिछले दो दिनों से इन दफ्तरों में न तो कोई मेल जा रहा है और न ही ऑनलाइन फाइलें आगे बढ़ रही हैं।
हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए जब केबल कटने पर राजस्वान के प्रतिनिधियों ने ठेकेदार को उलाहना दिया। अपनी गलती मानने के बजाय ठेकेदार पक्ष के लोग राजस्वान कर्मियों से उलझ गए। बात तू-तू, मैं-मैं से बढ़कर हाथापाई तक पहुंचने ही वाली थी कि उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
यह फाइबर लाइन ओवरब्रिज स्थित सब्जी मंडी से पुर रोड बापूनगर तक नेटवर्क सप्लाई करती है। केबल कटने से 20 सरकारी विभागों में डिजिटल लॉकडाउन हो गया है। इनमें जलदाय विभाग, जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय, प्रतापनगर स्कूल, सर्किट हाउस तथा अन्य विभाग शामिल है।
नेट बंद होने से सबसे बुरा असर शिक्षा विभाग पर पड़ा है। बोर्ड परीक्षा सिर पर है ऐसे में शिक्षा विभाग जुगाड़ से अपना काम चला रहे है। स्कूलों में परीक्षाओं का दौर है और कई ऑनलाइन फॉर्म व डेटा एंट्री के काम पेंडिंग हैं। राजस्वान का नेट बंद होने से कर्मचारी अपने मोबाइल हॉटस्पॉट या निजी डोंगल के जुगाड़ से जरूरी काम निपटा रहे हैं, लेकिन भारी फाइलों का काम अटका पड़ा है। अन्य विभागों में तो पब्लिक डीलिंग के काम पूरी तरह ठप हैं।
राजस्थान सरकार का प्रमुख ई-गवर्नेंस इंफ्रास्ट्रक्चर है। यह प्रदेश के सभी जिलों में 3,500 से अधिक सरकारी कार्यालयों को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी (डेटा, वीडियो, वॉइस) से जोड़ता है। इसके बिना ई-मित्र, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और ऑनलाइन पोर्टल जैसे काम संभव नहीं हैं।
राजस्वान के अधिकारी ने बताया कि केबल जोड़ने का काम युद्धस्तर पर जारी है। लाइन काफी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसे रिपेयर किया जा रहा है। संभवतया बुधवार सुबह तक सभी 20 विभागों में कनेक्टिविटी बहाल हो जाएगी।
Published on:
04 Feb 2026 09:44 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
