
अस्पताल में भर्ती छात्रा। फोटो- पत्रिका
बयाना। उपखंड क्षेत्र के गांव अलापुरी स्थित देवनारायण राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी आवासीय स्कूल के छात्रावास में लगातार छात्राओं के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया है। पिछले चार दिनों में 13 छात्राएं अचानक बीमार हो चुकी हैं, जिन्हें उप जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्राओं में सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, घबराहट, बेचैनी और पेट दर्द जैसे लक्षण सामने आए हैं।
मंगलवार को कक्षा 8 से 12 तक की करीब आधा दर्जन छात्राएं एक साथ बीमार हो गईं। तबीयत बिगड़ने पर पांच छात्राओं को तत्काल उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। छात्रावास वार्डन हेमेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि बीते कुछ दिनों से छात्राओं में बेचैनी, सांस लेने में दिक्कत और पेट दर्द की शिकायतें मिल रही थीं। मंगलवार को अचानक कई छात्राओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. निर्भय सिंह गुर्जर के अनुसार लक्ष्मी (16), रामा (14), मंजू (15), मनीषा (13) और इशू (15) को भर्ती किया गया है। सभी में समान लक्षण पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पीने के पानी में संक्रमण को बीमारी का संभावित कारण माना जा रहा है। लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इससे पहले शिवानी, जान्हवी, कविता, पूजा, कोमल, लक्ष्मी, प्रियंका और मोनिका भी बीमार पड़ चुकी हैं। लगातार छात्राओं के बीमार होने से स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम दीपक मित्तल ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर जांच के आदेश दिए हैं। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि सभी छात्राओं की वाइटल स्थिति फिलहाल सामान्य है। प्रथम दृष्टया कुछ मामलों में साइकोलॉजिकल डिसऑर्डर की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि एहतियातन मेडिकल टीम छात्राओं की लगातार निगरानी कर रही है।
आवासीय स्कूल में छात्राओं का नियमित मेडिकल चेकअप कराया जाता है। सोमवार को भी डॉ. सुनीता शर्मा ने स्वास्थ्य जांच की थी। 260 छात्राओं में एक-दो का बीमार होना सामान्य है। संभव है मौसमी परिवर्तन इसका कारण हो। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
Published on:
10 Feb 2026 07:43 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
