
3 आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Crime News: बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया क्षेत्र के ग्राम करमू में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब बारात में आए तीन युवकों ने मामूली बात पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात बीते 10 फरवरी की है, जहां खाना परोसने के दौरान बार-बार पापड़ और बड़ा मांगने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हत्या की नीयत से धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में भोला राम निषाद और गजानंद निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सीएचसी खम्हरिया ले जाया गया, जहां से गजानंद की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रार्थी दिनेश निषाद की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
एसडीओपी भूषण एक्क के मार्गदर्शन में खम्हरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। जांच में सामने आया कि पकड़े गए तीनों आरोपी अंश पासवान, हरीश बाघ और लुपसिंह निषाद पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर तीनों को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि वे दुर्ग के मरोदा स्टेशन क्षेत्र से बारात में शामिल होने बस से ग्राम करमू आए थे। भोजन के समय परोसने वालों से पापड़ और बड़ा मांगने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से धारदार हथियारों से पीड़ितों के सिर, कान और जांघ पर वार किए और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने तीनों आरोपियों अंश पासवान उर्फ धन (18 वर्ष), हरीश बाघ (23 वर्ष) और लुपसिंह निषाद उर्फ नानु (22 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। 11 फरवरी को उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Published on:
13 Feb 2026 08:50 am
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
