28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली पर नहीं गुल होगी बिजली… उपकेंद्रों की टेस्टिंग पूरी, सड़कों पर उतरेंगे अफसर, कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

रंगों के त्योहार से पहले शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा दावा किया गया है। विद्युत विभाग ने साफ कर दिया है कि होली पर कटौती नहीं होगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति दी जाएगी।

2 min read
Google source verification

बरेली। रंगों के त्योहार से पहले शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा दावा किया गया है। विद्युत विभाग ने साफ कर दिया है कि होली पर कटौती नहीं होगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति दी जाएगी। इसके लिए दो उपकेंद्रों पर शनिवार को टेस्टिंग और मरम्मत का काम कराया जाएगा, ताकि त्योहार के दिन कोई तकनीकी खामी आड़े न आए।

मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि होली को देखते हुए उपकेंद्र और फीडर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, उप खंड अधिकारी और जूनियर इंजीनियरों की तैनाती कर दी गई है। मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता खुद शहर का दौरा कर निगरानी करेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं।

11 केवी लाइन और वीसीबी की मरम्मत, दोहरी लाइन से जोड़े गए उपकेंद्र

गर्मी शुरू होने से पहले महीनेभर अभियान चलाकर 11 केवी लाइनों और वीसीबी की मरम्मत कराई गई है। लोकल फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए अधिकतर उपकेंद्रों को दोहरी लाइन से जोड़ दिया गया है। अगर एक लाइन में फाल्ट आएगा तो दूसरी लाइन से सप्लाई चालू कर दी जाएगी। शहर में वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद हालात बेहतर हुए हैं, लेकिन पूरी तरह समस्या खत्म नहीं हुई है।

नए उपकेंद्रों से मिली राहत

पवन विहार में नया उपकेंद्र चालू होने के बाद राहत मिली है। सुभाषनगर और करगैना में भी दो नए उपकेंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे लोकल फाल्ट की घटनाएं कम हुई हैं। हालांकि दावा महीनेभर निर्बाध आपूर्ति का है, मगर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह मजबूत करने की कवायद अभी जारी है।

महाशिवरात्रि की सफलता दोहराने की तैयारी

पिछले दिनों महाशिवरात्रि पर विभाग निर्बाध आपूर्ति देने में सफल रहा था। अब वही रणनीति होली पर भी लागू की जा रही है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि त्योहार पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देना विभाग का लक्ष्य है। पूरा सिस्टम अलर्ट पर रहेगा और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शहरवासियों की नजर अब इस बात पर है कि होली की रात रंगों के साथ रोशनी भी पूरी तरह कायम रहती है या नहीं।