
बदायूं। शहर के एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत से हड़कंप मच गया। सोमवार को उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले और जांच का भरोसा दिया। एहतियातन अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव बरातेगदार निवासी प्रेमावती (पत्नी मनोहर मौर्य) को 14 फरवरी को पथरी की शिकायत के चलते शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी और उसी दिन सर्जरी कर दी गई। शुरुआत में सब कुछ सामान्य बताया गया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद ही महिला की हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद प्रेमावती को तेज दर्द और दिक्कत होने लगी थी। कई बार अस्पताल स्टाफ को बुलाया गया, लेकिन समय पर समुचित इलाज नहीं मिला। उनका कहना है कि 15 फरवरी को अचानक महिला की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। बावजूद इसके डॉक्टरों ने लापरवाही बरती और हालात संभालने में देरी की, जिसके चलते आखिरकार प्रेमावती ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गुस्साए परिजन अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ समय तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। परिजनों ने जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि परिजन लिखित शिकायत देते हैं तो उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय अभिलेखों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
16 Feb 2026 03:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
