16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सपा नेता समेत कई कॉलोनाइजरों पर बीडीए की सर्जिकल स्ट्राइक, 63 बीघा में बन रहीं अवैध कॉलोनियां जमींदोज

सीबीगंज में बिना मानचित्र स्वीकृति 63 बीघा में विकसित की जा रहीं दो अवैध कॉलोनियों पर बीडीए ने बुलडोजर चला दिया। कार्रवाई में सपा नेता समेत कई कॉलोनाइजरों के निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। प्लाटिंग, सड़क और बाउंड्रीवाल मलबे में बदल दी गईं।

2 min read
Google source verification

बरेली। शहर में बिना अनुमति कॉलोनी काटकर जमीन बेचने वालों पर आखिरकार बुलडोजर गरज गया। सीबीगंज के बंडिया गांव में धड़ल्ले से बस रही अवैध कॉलोनियों पर सोमवार को बीडीए की टीम ने कार्रवाई की। करीब 63 बीघा जमीन पर फैल रहे इस अवैध खेल में सपा नेता का नाम भी सामने आया है। प्रशासनिक सख्ती के बीच जेसीबी चली और प्लाटिंग के निशान, कच्ची सड़कें व बाउंड्रीवाल देखते-देखते मलबे में बदल गईं।

13 बीघा में काटे जा रहे थे प्लॉट, धूल में मिला सपना

गांव बंडिया में किस्मत अली और हाजी आमरिक करीब 13 बीघा जमीन पर बिना किसी अनुमति के कॉलोनी बसा रहे थे। भूखंडों का चिन्हांकन, कच्ची सड़कें और चारदीवारी तक खड़ी कर दी गई थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण पर सीधे बुलडोजर चला दिया। कुछ ही देर में पूरी प्लाटिंग की तस्वीर बदल गई।

50 बीघा में पॉलिटिकल प्रोटेक्शन का दावा भी ध्वस्त

दूसरे मामले में 50 बीघा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसमें सोनू पंजाबी, दिलावर, राजा और सपा नेता नरेश कुमार यादव का नाम सामने आया है। आरोप है कि बिना मानचित्र स्वीकृति सड़कें डलवाई जा रही थीं और प्लॉट तैयार कर बेचने की तैयारी थी। बीडीए की टीम ने यहां भी कड़ी कार्रवाई करते हुए चिन्हांकन और निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बुलडोजर की गड़गड़ाहट के बीच राजनीतिक रसूख भी बेअसर दिखा।

अफसरों की मौजूदगी में चला ध्वस्तीकरण अभियान

विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता संदीप कुमार और प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की रुकावट न हो। कार्रवाई के दौरान अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन टीम ने पूरी कॉलोनी का ढांचा गिरा दिया।

बिना स्वीकृति प्लाटिंग की तो फिर गिरेगी दीवार

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ ए मनिकंडन ने साफ चेतावनी दी है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के न तो कॉलोनी कटेगी और न निर्माण बचेगा। खरीदने वालों को भी सावधान किया गया है कि प्लॉट लेने से पहले प्राधिकरण से अनुमति की पुष्टि जरूर कर लें, वरना लाखों की जमा-पूंजी मलबे में बदल सकती है।