
एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ एलआईयू विजय राना
बरेली। इस साल का गणतंत्र दिवस बरेली पुलिस के लिए खास होने वाला है। 26 जनवरी 2026 को आयोजित समारोह में शहर के एसपी सिटी और सीओ एलआईयू समेत 19 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को उनकी बहादुरी और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक, अति उत्कृष्ट सेवा पदक, रजत-स्वर्ण प्रंशसा, सराहनीय सेवा चिन्ह और मुख्यमंत्री का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
एसपी सिटी मानुष पारीक को रजत प्रंशसा चिन्ह मिलेगा। उनका नेतृत्व और अपराध नियंत्रण में पकड़ पूरे शहर के लिए मिसाल रही है। इंस्पेक्टर छवि को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मिलेगा। परिवार परामर्श केन्द्र और महिला सम्मान प्रकोष्ठ में उनकी मेहनत और संवेदनशील सेवाएं बेमिसाल रही हैं। दरोगा जगदेव सिंह (सम्मन सैल) और सिपाही रवि कुमार (पुलिस लाइन) को रजत प्रंशसा चिन्ह से नवाज़ा जाएगा। वहीं हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र कुमार (सर्विलांस सैल) को स्वर्ण प्रंशसा चिन्ह मिलेगा। यूपी-112 के हेड कांस्टेबल रामगोपाल को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान पाने वालों में सबसे प्रमुख नाम सीओ एलआईयू विजय कुमार राना का है, जिन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक दिया जाएगा। खुफिया तंत्र को मजबूत करने और समय रहते संवेदनशील सूचनाएं उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अहम रही है। वहीं अति उत्कृष्ट सेवा पदक की सूची में न्यायालय सुरक्षा, हंटिंग सेल, एसओजी, यूपी-112 और थानों में तैनात वे चेहरे शामिल हैं, जो अक्सर पर्दे के पीछे रहकर मोर्चा संभालते हैं।
अति उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में दरोगा अनिल कुमार सिंह (न्यायालय सुरक्षा), मुनेश चन्द्र (वाचक), जसवीर सिंह (हंटिंग सेल), मनोज कुमार (थाना भोजीपुरा), कृष्णपाल (थाना देवरनियां), संजय सिंह (थाना कैंट) शामिल हैं। हेड कांस्टेबल में मुकेश कुमार (पुलिस लाइन), मनोज कुमार (यूपी-112) और संजय सिंह (एसओजी) को चुना गया है। वहीं इस बार मुख्यमंत्री का प्रशस्ति पत्र बरेली के दरोगा अमित कुमार और सिपाही शेखर वर्मा व सरफराज अहमद को दिया जाएगा। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य और साहसिक सेवाओं की सराहना करता है।
ये अधिकारी और कर्मचारी सालों से पर्दे के पीछे काम कर रहे थे, लेकिन अब गणतंत्र दिवस के मंच से उनका साहस और समर्पण पूरे देश के सामने आएगा। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आपात सेवाओं में इनके योगदान ने बरेली पुलिस की इज्जत नई ऊँचाई पर पहुंचाई है। 26 जनवरी को जब तिरंगा लहराएगा, तब ये जांबाज़ अपने सम्मान और साहस का खिताब लेकर पूरे जनपद का मान बढ़ाएंगे। यह सिर्फ पुरस्कार नहीं, बल्कि लाखों पसीने, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है, जो इन पुलिसकर्मियों ने रोजमर्रा की ड्यूटी में लिखा।
संबंधित विषय:
Published on:
25 Jan 2026 09:35 pm

बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
