बरेली। संजय नगर तीन मूर्ति रोड पर बुधवार देर रात दबंगों ने राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल की संजय नगर इकाई के कोषाध्यक्ष गंगा राम गुरुनानी के बेटे पर जानलेवा हमला कर लूटपाट मचा दी। हमलावरों ने दुकानदार गंगा राम और उनके बेटों को बुरी तरह पीटा, फिर दुकान से करीब एक लाख रुपये नकद और सोने की चेनें लूट ले गए।
घटना रात करीब 11 बजे की है। गंगा राम निवासी आवास विकास सुरेश शर्मा नगर अपने दोनों बेटों हर्ष गुरुनानी और देव के साथ संजय नगर तीन मूर्ति रोड स्थित अपनी जर्नल स्टोर की दुकान पर सामान अंदर रख रहे थे। तभी गली में रहने वाले शैलेन्द्र प्रताप सिंह और उसका बेटा लकी रास्ता बंद कर खड़े हो गए। जब गंगा राम ने पुलिस बुलाने की बात कही तो दोनों वहां से हट गए, लेकिन थोड़ी देर बाद अपने साथियों भारत राठौर, मुकेश राठौर, विनय पटेल और 7-8 अज्ञात लोगों को लेकर वापस आ गए।
हमलावरों ने आते ही पिता-पुत्रों पर लाठी, रॉड और तमंचे की बट से हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने गंगा राम और उनके बेटों के पास रखी नकदी व सोने की चेनें लूट लीं। गंगा राम के मुताबिक, लूट में करीब एक लाख रुपये और तीन तोले सोना गया। बचाव करने पर तीनों को गंभीर चोटें आईं।
गंगा राम ने बताया कि यही दबंग पहले भी 24 अगस्त को ऐसी हरकत कर चुके हैं। उस वक्त पुलिस ने उनकी गाड़ियां चालान कर चेतावनी दी थी, लेकिन उसके बाद से वे लगातार धमकियां देते रहे।
हमले के बाद गंगा राम व उनके बेटे हर्ष गुरुनानी बुरी तरह घायल हो गए। पिता-पुत्रों ने बताया कि जाते-जाते दबंगों ने कहा अगर पुलिस में गए तो बेटों को जान से मार देंगे और दुकान जला देंगे।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारी भारी आक्रोश में हैं। राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने बारादरी थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Published on:
16 Oct 2025 01:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग