
बरेली। सीबीगंज की कैंफर स्टेट कॉलोनी में शुक्रवार शाम अमरोहा में तैनात 37 वर्षीय सिपाही मनोज मौर्य अपने ही घर में संदिग्ध हालात में मृत मिले। फोन पर पहले हार्ट अटैक की सूचना दी गई, लेकिन जब परिजन पहुंचे तो गले पर कसाव का निशान और बाहर निकली जीभ ने कहानी को पूरी तरह पलट दिया। परिवार ने सीधे-सीधे हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पत्नी इसे खुदकुशी बता रही है।
मूल रूप से शेरगढ़ निवासी मनोज मौर्य का हाल ही में अमरोहा से मुरादाबाद तबादला हुआ था। शनिवार को उन्हें नई तैनाती पर जॉइन करना था। परिवार नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी में जुटा था। कैंफर स्टेट कॉलोनी में हाल ही में घर बनाया गया था। जिंदगी नई शुरुआत की ओर बढ़ रही थी, लेकिन उससे पहले ही मौत ने दस्तक दे दी।
शुक्रवार शाम पत्नी ज्योति ने मनोज के भाई को फोन कर बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो दृश्य देख दंग रह गए। मनोज का शव पड़ा था, गले पर गहरा कसाव का निशान था और जीभ बाहर निकली हुई थी। परिजनों का कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं हो सकती। ऐसे में हार्ट अटैक की सूचना देना उन्हें बेहद संदिग्ध लगा।
घटना के बाद पत्नी ज्योति ने कहा कि मनोज ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि आत्महत्या की वजह पर वह कुछ स्पष्ट नहीं कर सकीं। इसी बयान और मौके के हालात ने मामले को और उलझा दिया है। कॉलोनी में देर रात तक लोग चर्चा करते रहे आखिर सच्चाई क्या है। मृतक के भाई ने देर रात थाना सीबीगंज पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मामले को दबाने के लिए हार्ट अटैक की कहानी गढ़ी गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे की बारीकी से जांच की गई, साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत का कारण क्या है। तबादले से एक दिन पहले हुई मौत, पहले हार्ट अटैक की सूचना और फिर फंदे की कहानी इन सबने पूरे मामले पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह आत्महत्या है या फिर सुनियोजित हत्या, इस गुत्थी को सुलझाने की चाबी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छिपी है।
संबंधित विषय:
Updated on:
28 Feb 2026 04:04 pm
Published on:
28 Feb 2026 02:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
