
source photo patrika
मांगरोल अस्पताल से बेटी का शव ले गए, ढूंढती रही पुलिस, बारां में एसडीएम की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड ने किया पीएम, पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बारां. मांगरोल थाना क्षेत्र के तेजाजी जलोदा गांव में गुरुवार शाम एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को मांगरोल अस्पताल ले गए। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल पहुंचे पीहर पक्ष के कुछ लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया। इससे कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में हंगामाई स्थिति बनी रही। अस्पताल की ओर से सूचना देकर पुलिस बुलानी पड़ी। मारपीट की आशंका के चलते पुलिस मृतका के पति को थाने ले गई थी। इसी बीच पीहर पक्ष के लोग शव ले गए। शव नहीं मिलने पर बात और बिगड़ गई। रात करीब सवा 11 बजे वह शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां मृत घोषित करने के बाद शुक्रवार सुबह मांगरोल एसडीएम सौरभ भांबू की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव मृतका के पिता को सौंपा गया। मृतका परिवार की इकलौती बेटी थी।
सांस चलने की संभावना पर ले गए थे
फूफा बुद्धि प्रकाश ने कहा कि रात करीब साढ़े आठ बजे फंदा लगाने का पता लगा तो पिता राजेन्द्र ओर परिवार की महिलाएं मांगरोल पहुंचे। सोनल का शरीर गर्म था। मौके पर कोई था भी नहीं तो सांस चलने की संभावना और अच्छे इलाज के लिए वह तत्काल उसे बारां ले गए। रास्ते में पुलिस का फोन आने पर उन्हें इसकी जानकारी दे दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गले पर फांसी जैसे निशान नहीं है, गला दबाकर मारा गया है। पुलिस और पीहर पक्ष के अनुसार इस मामले में मृतका के ससुर रघुवीर मेघवाल, पति आशीष, सास विमला बाई, ननद काजल और मामा ससुर जितेन्द्र के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त करने से उत्प्रेरित होकर आत्महत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया। प्रकरण की जांच एसडीएम मांगरोल कर रहे हैं।
दो वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतका के फूफा बुद्धि प्रकाश ने बताया कि मेहरावता गांव निवासी सोनल मेघवाल की वर्ष 2023 में तेजाजी जलोदा गांव निवासी आशीष मेघवाल के साथ बारां के एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी हुई थी। एक वर्ष तक तो ठीक रहा। बाद में उसे परेशान करना शुरू कर दिया। सोनल घर आती तो मारपीट ओर प्रताडऩा की शिकायत करती थी, लेकिन समझाइश पर वह चली जाती थी। गुरुवार सुबह भी झगड़े की सूचना पर वह समेत पीहर पक्ष के लोगों ने पहुंचकर समझाइस की। मोटरसाइकिल की बात सामने आई तो दिलाने के लिए बोल दिया था। समझाइश कर दोपहर साढ़े तीन बजे वहां से लौटे थे। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोनल राजेन्द्र मेघवाल की इकलौती पुत्री थी। उसके एक छोटा भाई है। भाई की इकलौती बहन सदा के लिए बिछड़ गई।
मृतका के पिता की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त करने से उत्प्रेरित होकर आत्महत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जिला अस्पताल में एसडीएम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराकर शव पीहर पक्ष को सौंपा गया। सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी। जांच अन्ता डीएसपी कर रहे हैं।
विनोद कुमार, थाना प्रभारी मांगरोल
Published on:
24 Oct 2025 10:39 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग

