29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बारां, May 19, 2026

Rajasthan: एसपी ऑफिस है जनाब! खाकी के लिए कुर्सी, आम जनता के लिए फर्श, कैसे मिलेगा न्याय?

बारां एसपी कार्यालय से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पुलिसिया सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एसपी कार्यालय में भी आम जनता की कुर्सी नसीब नहीं हो रही, दूसरी तरफ खाकी में पहुंचे फरियादी कुर्सी पर बैठे नजर आए।

Baran SP Office

एसपी ऑफिस में फर्श पर बैठी जनता, कुर्सी पर वर्दीधारी (फोटो-पत्रिका)

बारां। पुलिस व्यवस्था को आमजन के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं। थानों में स्वागत कक्ष बनाए गए हैं, जहां फरियाद लेकर आने वाले लोगों को बैठाकर उनकी समस्याएं सुनने और उन्हें सम्मानजनक माहौल देने के दावे किए जाते हैं। लेकिन जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को दिखाई दिया एक दृश्य इन दावों पर सवाल खड़े करता नजर आया।

जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) कार्यालय के बाहर का नजारा ऐसा था, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। विभिन्न मामलों में न्याय और सुनवाई की उम्मीद लेकर पहुंचे दर्जनों पीड़ित और फरियादी एडिशनल एसपी कक्ष के बाहर लंबे समय से इंतजार करते दिखाई दिए। सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि इनमें से कई लोग जमीन पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे।

आम फरियादियों के लिए फर्श

कार्यालय परिसर में बैठे इन फरियादियों में महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण क्षेत्र से आए लोग भी शामिल थे। कई लोग अपनी शिकायतों को लेकर दूर-दराज इलाकों से जिला मुख्यालय पहुंचे थे। लेकिन उन्हें बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल सकी, जिसके कारण मजबूरी में लोगों को जमीन का सहारा लेना पड़ा।

वर्दीधारी फरियादियों को मिली कुर्सी

दूसरी ओर, इसी दौरान कार्यालय परिसर में अपने कार्यों के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी कुर्सियों पर बैठे दिखाई दिए। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। लोगों का कहना था कि जब सरकार और पुलिस विभाग जनता को बेहतर सुविधाएं देने और संवेदनशील पुलिसिंग की बात करते हैं, तब ऐसे दृश्य उन दावों पर सवाल खड़े कर देते हैं।

जिला मुख्यालय स्तर पर सवाल

गौरतलब है कि पुलिस विभाग समय-समय पर आमजन के साथ बेहतर व्यवहार और जनसुनवाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी करता रहता है। पुलिस थानों में स्वागत कक्ष की व्यवस्था का उद्देश्य भी यही है कि फरियादी अपनी समस्या सम्मानपूर्वक रख सकें। ऐसे में जिला मुख्यालय स्तर पर सामने आए इस दृश्य ने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति पर चर्चा शुरू कर दी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब फरियाद लेकर आने वाले लोगों को बुनियादी बैठने की सुविधा भी नहीं मिलेगी, तो संवेदनशील पुलिसिंग के दावे कितने प्रभावी साबित होंगे।

एसपी ने क्या कहा?

जो भी फरियादी आते हैं, उन्हें बैठने समुचित व्यवस्था कराई जाएगी। ध्यान रखा जाएगा कि दूर-दराज से आने वाले फरियादियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़े। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। -अभिषेक अंदासु, एसपी बारां

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें