84 लाख रुपए मालखाना से चोरी का लगाया आरोप
बालाघाट. कोतवाली थाना के मालखाना से चोरी का मामला सप्ताहभर से पुलिस महकमे में चल रहा था। दो दिन पूर्व रविवार को इस मामले में प्रकरण दर्ज किए जाने की बात बताई जा रही है। लेकिन इसकी खबर किसी को कानोकान नहीं थी। पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने मंगलवार को प्रेसवार्ता लेकर मालखाना से 84 लाख रुपए चोरी होने का आरोप लगाया तब यह बात बाहर निकली और पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया।
इस मामले को लेकर कोतवाली थाना में ‘पत्रिका’ ने जब कोतवाली थाना प्रभारी विजय राजपूत से बात किया तो उन्होंने कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया। उस समय कोतवाली थाना में सीएसपी व अजाक्स डीएसपी मौजूद थी। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि वे दोनों इसी मामले को लेकर बात कर रही है। दोनों थाना प्रभारी के कक्ष में है और व्यस्त है। इसलिए नहीं मिल पाएंगी।
उधर पूर्व सांसद मुंजारे ने कहा कि समय-समय पर कोतवाली थाना का निरीक्षण करने वाले अधिकारियों ने क्या मालखाना नहीं देखा? यदि देखा तो उस समय मालखाना में कितनी राशि थी? क्या इसकी जांच नहीं कराई? इस मामले में उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। पूर्व सांसद ने मई 2022 में डबल मनी कांड को भी हवा दी है। आरोप लगाया कि उस समय भी पुलिस ने 150 करोड़ रुपए से अधिक के मामले में 10 करोड़ रुपए की जब्ती बनाई थी।
टीआई को सुपुर्दनामे की कार्रवाई के दौरान संदेह
उधर प्रेसवार्ता की जानकारी के बाद पुलिस ने शाम को एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे कोतवाली थाना का मालखाना प्रभारी है। वह दो साल से थाना में पदस्थ है। एक सुपुर्दनामे की कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी को उसका आचरण संदिग्ध लगा। इसके बाद मालखाना का भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें 55 लाख रुपए व सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर प्रधान आरक्षक के खिलाफ धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 13(1) (ए) 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की गई। बताया कि विवेचना के दौरान आरोपी पंद्रे से 40 लाख रुपए की रिकवरी की गई है।
इसकी जांच महिला प्रकोष्ठ की डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर कर रही है। आरोपी ने पैसे कब-कब निकाले हैं? इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस की कार्रवाई पर गौर करें तो सप्ताहभर पूर्व इसकी जानकारी हुई। चार दिन पूर्व समिति गठित कर मालखाना का भौतिक सत्यापन कराया गया।
Published on:
14 Oct 2025 08:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग