Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी की हत्या कर घर में दफनाया शव, 11 दिनों तक कब्र पर सोया, रूह कंपा देने वाला सच आया सामने

बहराइच के जरवलरोड में दिल दहला देने वाला मामला, शराबी पति ने पत्नी की हत्या कर शव घर में ही दफना दिया। 11 दिन तक उसी घर में रहकर करता रहा रोज का काम। मायके वालों के शक पर खुदाई हुई तो सच देख सभी के होश उड़ गए।

2 min read
सांकेतिक फोटो घर में जांच करती पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका जेनरेट Ai

सांकेतिक फोटो घर में जांच करती पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका जेनरेट Ai

बहराइच जिले के जरवलरोड क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शराबी पति ने झगड़े के बाद पत्नी की बेरहमी से हत्या कर शव को घर के अंदर चारपाई के नीचे दफना दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी 11 दिनों तक उसी घर में सामान्य रूप से रह रहा था। जब मायके वालों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तब जाकर हत्याकांड का खुलासा हुआ।

बहराइच जिले के जरवलरोड थाने के अहाता नरपतपुरवा गांव की रहने वाली फूला देवी (45) छह अक्तूबर से गायब थीं। परिजनों ने खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं लगा। तो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। फूला के भाई रामधीरज ने बताया कि बहन की शादी करीब 25 साल पहले गांव के ही हरिकिशन से हुई थी। शुरुआती जीवन ठीक रहा। लेकिन बाद में हरिकिशन शराब का आदी हो गया। आए दिन पत्नी से झगड़ा करने लगा।

चारपाई के नीचे ताजा मिट्टी देख हुआ शक

पिछले सप्ताह फूला का मायका पक्ष जब उसके घर पहुंचा तो कमरे में चारपाई के नीचे ताजा मिट्टी का लेपन और दरारें दिखाई दीं। यह देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब जमीन की खुदाई कराई गई। तो सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं। मिट्टी में फूला देवी का शव मिला।

शरीर पर चोटों के गहरे निशान

पुलिस को खुदाई के दौरान पहले टूटी चूड़ियां और पायल मिलीं। उसके बाद मिट्टी से महिला का शव निकाला गया। शव निर्वस्त्र हालत में था। शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे। जिससे प्रतीत होता है कि हत्या बेरहमी से की गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हत्या के बाद घर में ही रहता रहा आरोपी

चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद हरिकिशन ने न केवल शव घर में ही दफन किया। बल्कि उसी घर में रहना भी जारी रखा। वह रोज शराब पीता और आसपास मजदूरी करने भी जाता था। जब भी कोई फूला के बारे में पूछता तो टालमटोल जवाब देकर बात बदल देता।

अवैध संबंध के शक में हत्या की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिकिशन को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक ने उसे हत्या जैसा जघन्य कदम उठाने पर मजबूर किया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।

गांव में दहशत का माहौल

घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि हरिकिशन इतना निर्दयी कदम उठा सकता है। मृतका के छोटे बच्चे अभी ननिहाल में हैं। जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। और एक बेटा लखनऊ में मजदूरी करता है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटीं

थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। ताकि उसके ठिकाने का पता लगाया जा सके।