# राष्ट्रीय

अभिषेक बनर्जी के हमले पर भड़की TMC: बोली- क्यों हटाई गई सुरक्षा, गृह मंत्री जवाब दें

Abhishek Banerjee: हमले के बाद टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने मीडियाकर्मियों से कहा कि वे मुझे जान से मारना चाहते थे। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है।

2 min read
abhishek banerjee mamata banerjee

Abhishek Banerjee attacked: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। टीएमसी सांसदों के खिलाफ बंगाल की जनता में काफी आक्रोश है। शनिवार को इसका परिणाम देखने को मिला। सोनारपुर दौरे के दौरान पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर भीड़ ने हमला कर दिया है। इस पर पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी पर कुछ बीजेपी समर्थनों ने हमलाकर और उनको जान से मारने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई, जब तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए उस इलाके में गए थे।

'वे मुझे जान से मारना चाहते थे'

बीजेपी पर हमला बोलते हुए टीएमसी महासचिव ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। हमले के बाद मीडिया से बात करते हुए अभिषेक ने कहा, 'वे मुझे जान से मारना चाहते थे। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है। हम निश्चित रूप से हाई कोर्ट को इसकी जानकारी देंगे। हम राज्यपाल को भी इसकी जानकारी देंगे। मैं निश्चित रूप से अदालत का रुख करूंगा।

हमले के पीछे बीजेपी का हाथ

अभिषेक बनर्जी पर उस समय हमला हुआ जब वे चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने के लिए सोनारपुर गए थे। उन्होंने आगे कहा कि यह सब भाजपा द्वारा प्रायोजित है। देखिए उन्होंने क्या किया है। यही उनका लोकतंत्र का उदाहरण है। अभी एक महीना भी नहीं बीता है और पुलिस का नामोनिशान नहीं है।

'अभिषेक बनर्जी की क्यों हटाई गई सुरक्षा, गृह मंत्री जवाब दें'

टीएमसी नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते पूछा कि अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा क्यों हटाई गई। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी की जान को खतरा था। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'बंगाल में अब क्या हो रहा है? दूसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा नेता चुनाव के बाद हुई हिंसा में भाजपा द्वारा मारे गए एक व्यक्ति के परिवार से मिलने गए थे। अभिषेक बनर्जी को कुछ भाजपा समर्थकों ने हमला किया और पीटा। उनकी जान को खतरा है। पुलिस कहां है? मतगणना के दिन सुरक्षा क्यों हटा ली गई थी? गृह मंत्री को जवाब देना चाहिए।

अभिषेक बनर्जी ने इससे पहले कहा था कि उन्होंने मारे गए पार्टी कार्यकर्ता के परिवार से मुलाकात की थी। टीएमसी पिछले महीने बंगाल विधानसभा चुनाव हार गई थी और भाजपा ने राज्य में अपनी पहली सरकार बनाई थी।

उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, 'आज मैंने बेलेघाटा में बिस्वजीत पट्टनायक के परिवार से मुलाकात की। बिस्वजीत तृणमूल कांग्रेस के एक समर्पित कार्यकर्ता थे, जिनकी निर्मम हत्या ने उस खतरनाक हिंसक माहौल को उजागर कर दिया है जिसने बंगाल बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से बंगाल को अपनी चपेट में ले लिया है।'

अभिषेक बनर्जी पर हमले पर बीजेपी की प्रतिक्रिया

सोनारपुर में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, 'मैं इस घटना की निंदा करता हूं। मैं जनता से अपील करता हूं कि वे कानून-व्यवस्था को अपने हाथों में न लें। बंगाल की जनता TMC और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ गुस्से में है। हमें बंगाल को बेहतर बनाना है। हमें बंगाल की राजनीति को हिंसा-मुक्त बनाना है। मैं जनता से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील करता हूं।'