# कानपुर

Congress vs BJP: रसोई गैस पर सियासत तेज, कांग्रेस ने ‘वन फैमिली-वन कनेक्शन’ को बताया जनता पर बोझ

LPG-Policy Controversy: कांग्रेस ने X पर भाजपा सरकार की गैस नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि महंगाई से पहले ही परेशान जनता पर नए नियम थोपे जा रहे हैं। पार्टी ने इसे रसोई की आज़ादी पर दबाव बताते हुए पीएनजी–एलपीजी व्यवस्था पर चिंता जताई।

2 min read
सांकेतिक फोटो पत्रिका

PNG vs LPG:केंद्र सरकार की गैस नीतियों और घरेलू रसोई गैस व्यवस्था को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार आम जनता की रसोई पर “कड़ा नियंत्रण” थोप रही है। कांग्रेस के अनुसार, बढ़ती महंगाई और पहले से महंगे एलपीजी सिलेंडर ने आम परिवारों के बजट को प्रभावित किया है, और अब नई कथित व्यवस्था इसे और कठिन बना सकती है।

कांग्रेस ने लिखा X पर पोस्ट

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में दावा किया कि "अब जनता की रसोई पर भी भाजपा सरकार का सख्त पहरा! गैस सिलेंडर के दाम आसमान पर पहुंचाकर जनता की कमर पहले ही तोड़ दी गई थी, और अब 'वन फैमिली, वन कनेक्शन' का नया फरमान सुना दिया गया है। सरकार कह रही है कि अगर आपके घर में पीएनजी (पाइपलाइन गैस) है, तो आप एलपीजी सिलेंडर नहीं रख सकते।आखिर जनता पुराने सिलेंडर का मोह क्यों नहीं छोड़ पा रही? क्योंकि पाइपलाइन गैस की सप्लाई का कोई भरोसा नहीं है! कभी प्रेशर कम होता है तो कभी मेंटेनेंस के नाम पर घंटों गैस गायब रहती है। ऐसे में आम आदमी बैकअप के लिए सिलेंडर नहीं रखेगा तो क्या भूखा सोएगा?

सरकार हर मोर्चे पर नाकाम

कांग्रेस ने लिखा है कि असल बात तो यह है कि बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो चुकी है। देश की जनता को उचित दामों पर एलपीजी गैस सिलेंडर दे पाने में अपनी नाकामी को छुपाने के लिए अब सरकार ऐसे तानाशाही नियमों का सहारा ले रही है। महंगाई कम करने और सिलेंडर की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित करने के बजाय, इस तरह के प्रतिबंध थोपकर जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। कॉर्पोरेट कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए अब जनता को जबरन पीएनजी इस्तेमाल करने पर मजबूर किया जा रहा है। आंकड़ों में 18% खपत की कमी साफ दिखाती है कि जनता इस व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। डिजिटल और कानूनी सवेरे के नाम पर आम आदमी पर यह तानाशाही बंद होनी चाहिए। जनता को अपनी रसोई चलाने की आजादी दीजिए, अपनी नीतियां उन पर मत थोपिए!

महंगाई, नीति और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

कांग्रेस ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया कि सरकार महंगाई और गैस कीमतों पर नियंत्रण रखने में विफल रही है। पार्टी का दावा है कि बढ़ते एलपीजी दामों ने पहले ही लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित किया है, और अब नई नीतियों के जरिए उपभोक्ताओं को PNG अपनाने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से मजबूर किया जा रहा है। वहीं सरकार की ओर से इस मुद्दे पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऊर्जा नीति से जुड़े जानकारों का मानना है कि PNG और LPG दोनों का उद्देश्य अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षित और प्रभावी ईंधन विकल्प देना है। हालांकि, उपभोक्ता की निर्भरता और सप्लाई स्थिरता को लेकर बहस जारी है।