गांव चिश्तियां के पास ढाणी में धारदार हथियारों से दंपती पर हमला कर दिया गया। इसमें महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया, जसवंत सिंह और उसकी पत्नी मंजीत कौर ढाणी में खाना खा रहे थे। आरोपियों ने दंपती पर हमला कर दिया। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए।
Hanumangarh Crime News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव चिश्तियां से अपनी एक रिश्तेदारी में मिलने जाने की बात कहकर घर से निकली एक 42 वर्षीय विवाहित महिला की धारदार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला बुधवार सुबह अपने घर से निकली थी और गुरुवार सुबह परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली।
पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर एक नामजद आरोपी और उसके तीन-चार अन्य साथियों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार दोपहर बाद जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मृतका मंजीत कौर के पति जसवंत सिंह बावरी (निवासी वार्ड 11, गांव चिश्तियां) ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह और उनका बेटा हरप्रीत सिंह हमेशा की तरह अपने काम पर चले गए थे।
घर पर उनकी पत्नी मंजीत कौर और बेटी सुमित्रा मौजूद थीं। दोपहर के समय मंजीत कौर अपनी बेटी से यह कहकर घर से निकली थी कि वह किसी रिश्तेदार से मिलने जा रही है और शाम तक वापस लौट आएगी।
जब मंजीत कौर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिवार वाले परेशान हो गए। इसके बाद गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि जंक्शन इलाके में अग्रसेन चौक श्रीगंगानगर रोड के पास कुछ लोगों ने मंजीत कौर के साथ गंभीर मारपीट की है।
चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पति परिजनों के साथ जिला अस्पताल के शवगृह पहुंचा और मृतका की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की।
पति जसवंत सिंह का आरोप है कि मनोज खां (पुत्र रमजान खान, निवासी जण्डावाली) और उसके तीन-चार अन्य साथियों ने मिलकर मंजीत कौर पर धारदार हथियारों से हमला किया और उसकी हत्या कर दी।
जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस घटना को लेकर बेहद गंभीर है। इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में (राउंडअप) लिया गया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हत्या की असली वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस हर पहलू और एंगल से इस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस पूरी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।