5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हनुमानगढ़, Jun 05, 2026

Rajasthan: हनुमानगढ़ में वनपाल को पिकअप से कुचलने की कोशिश, तस्करों ने मारपीट कर वर्दी फाड़ी

हनुमानगढ़ जिले के पल्लू क्षेत्र में खेजड़ी की अवैध लकड़ियों से भरी पिकअप पकड़ने पर तस्करों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि वनपाल योगेश कुमार को पिकअप से कुचलने का प्रयास किया गया और उनकी वर्दी फाड़ दी गई।

Hanumangarh Smugglers Attack Forest Officer

वनपाल और जब्त पिकअप (पत्रिका फोटो)

पल्लू (हनुमानगढ़): हनुमानगढ़ के पल्लू क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी काटने वाले तस्करों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि उन्होंने प्रतिबंधित खेजड़ी की लकड़ियों से भरी गाड़ी पकड़े जाने पर वन विभाग की टीम पर ही जानलेवा हमला कर दिया। तस्करों ने न सिर्फ वनकर्मियों के साथ मारपीट की और वनपाल की वर्दी फाड़ दी, बल्कि उन्हें गाड़ी से कुचलकर जान से मारने का प्रयास भी किया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वनपाल योगेश कुमार ने बताया कि बुधवार रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सरदारशहर की तरफ से प्रतिबंधित हरी खेजड़ी की लकड़ियों से भरी एक पिकअप गाड़ी पल्लू की ओर आ रही है। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए वनपाल योगेश कुमार अपने साथी वनरक्षक रूपराम के साथ बिसरासर गांव के पास पहुंचे और नाकाबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रुकवाया।

जब गाड़ी की जांच की गई, तो उसमें भारी मात्रा में हरी खेजड़ी की लकड़ियां लोड थीं। पिकअप चला रहे भीमसेन स्वामी और उसके साथ बैठे लिच्छीराम जाट (दोनों निवासी केलनिया) से जब लकड़ियों के परिवहन के जरूरी कागजात या परमिट मांगा गया, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वन विभाग की टीम ने गाड़ी को जब्त कर लिया और उसे पल्लू वन चौकी ले जाने लगे।

लोहे की रॉड और लाठियों से हमला

वन चौकी पहुंचने से ठीक पहले, तस्करों की मदद के लिए एक दूसरी गाड़ी वहां आई और उसने वन विभाग की टीम का रास्ता रोक लिया। उस गाड़ी से पिकअप चालक भीमसेन स्वामी के पिता हनुमान स्वामी और उसका भाई बजरंग स्वामी हाथों में लोहे की रॉड और लाठियां लेकर उतरे। उन्होंने आते ही वनकर्मियों पर हमला कर दिया।

इस अचानक हुए हमले में वनपाल योगेश कुमार के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं और आरोपियों ने उनकी सरकारी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद, जब्त की गई पिकअप को छुड़ाने के लिए आरोपियों ने वनपाल के ऊपर गाड़ी चढ़ाने (कुचलने) का प्रयास किया और लकड़ियों से भरी पिकअप लेकर मौके से फरार हो गए।

देर रात वन विभाग का बड़ा एक्शन

इस गंभीर घटना के बाद वन विभाग ने पल्लू थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है। घटना से नाराज वन विभाग की टीम ने देर रात पूरे इलाके में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन और चेकिंग अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने अवैध लकड़ी ले जा रहे दो ट्रैक्टर-रेहड़ा और बिना नंबर की एक अन्य पिकअप गाड़ी को जब्त किया है। उप वन संरक्षक सुरेश आबुसरिया ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला एक बहुत ही गंभीर अपराध है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें