# गुना

गुना में भाजपा विधायक अपनी ही सरकार के मंत्रियों पर भड़के, कहा- ऐसे नाकारा मंत्री को हटाओ

BJP MLA Slams Ministers: विद्युत की व्याप्त समस्याओं को लेकर भाजपा विधायक जनता के साथ बिजली कंपनी के कार्यालय गए थे। यहां उन्होंने अपनी ही सरकार के दो मंत्रियों पर तंज कसा।

2 min read
bjp mla slams ministers over electricity crisis video (Patrika.com)

BJP MLA Slams Ministers: मध्य प्रदेश के गुना में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य (Pannalal Shakya) शनिवार को अचानक बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंच गए। वह गुना शहर में बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर बिजली कंपनी के अफसरों का घेराव करने पहुंचे थे। इस दौरान वह अफसरों पर भड़के और कहा कि बिजली के कुप्रबधन के कारण सरकार की बेइज़्ज़ती नहीं सही जाएगी। यहीं नहीं, भाजपा विधायक ने अपनी सरकार के दो मंत्रियों पर तंज भी कसा और कहा कि- मुख्यमंत्री से कहूंगा की ऐसे मंत्रियों को हटाओ। विधायक ने बिजली कंपनी के महाप्रबंधक को भी खूब खरी-खोटी सुनाई। इस पूरे मामले का विधायक का वीडियो भी सामने आया है। विधायक ने मीडिया से भी बातचीत की।

शहर में विद्युत की व्याप्त समस्याओं को लेकर गुना विधायक पन्नालाल शाक्य जनता के साथ बिजली कंपनी के कार्यालय गए थे, वे परिसर में ही आधे घंटे बाहर खड़े होकर ही जीएम बिजली कंपनी को समस्याएं बताईं। जीएम ने विद्युत व्यवस्था में सुधार करने का भरोसा दिलाया।

ऊर्जा मंत्री पर कसा तंज

भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर (Pradyuman Singh Tomar) का नाम लिए बगैर उनपर तंज कसा। शाक्य ने कहा कि ' वो इतने बड़े ज्ञानी है कि मंच पर ढोक देने लगते है। खंभे पर चढ़ जाता हो, नाले में उतर जाता हो, नालियां साफ करता हो, ऐसा जनसेवक हमें नहीं चाहिए। जनता के साथ खड़ा हो। उन्होंने कहा कि भोपाल जाकर हम मुख्यमंत्री से कहेंगे कि ऐसे नाकारा मंत्री को हटाओ। जो अक्षम है उन्हें तुरंत कुर्सी खाली कर देनी चाहिए।

सिंधिया के कार्यक्रम में दिया धक्का- विधायक

इसके बाद विधायक ने जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत (Govind Singh Rajput) पर भी नाम लिए तंज कसा। विधायक ने कहा कि 'वे तो महाराजा से बड़े हो रहे है। विधायक ने बताया कि 'मुझे ही सिंधिया के कार्यक्रम में धक्का देकर पीछे कर दिया था। मुझे चलो हटो कहकर किनारे कर दिया। मैंने भी कह दिया कि तू ही घुस जा। विधायक ने दो टूक कहा कि- मैं इनकी मेहरबानी से चुनाव नहीं जीता बल्कि मुझे यहां की जनता ने वोट देकर जिताया है। 'उन्होंने आगे कहा कि ऐसा प्रभारी मंत्री भी हमें नहीं चाहिए।

नहीं सही जाएगी सरकार की बदनामी, विधायक ने दी चेतावनी

वहीं, भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने बिजली कंपनी के जीएम अशोक शर्मा को भी फटकार लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों के नाम पर फर्जी लोगों की भर्ती मत करो। चापलूसी मत करो, व्यवस्थाएं सुधारो। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि गुना को बिजली के मामले में मत बदनाम करो। हम तो यही कहेंगे कि मुफ्त में बिजली कौन ले रहा है, किसके दबाब में बिजली मुफ्त में दी जा रही है। बिजली जितनी जलाओ उतना बिल भी दो। मगर मेंटेनेंस के नाम पर अघोषित कटौती मत करो। मेंटेंनेंस के लिए नकली सामान मत खरीदो। पत्ता हिलता है बिजली चली जाती है। इसको सुधारो। उन्होंने कहा कि बिजली के कुप्रबंधन की वजह से मध्य प्रदेश सरकार की बदनामी नहीं सही जाएगी।