# क्रिकेट

RCB vs GT Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, साई किशोर को गुजरात ने बाहर किया, देखें दोनों टीमों की प्लेइंग 11

RCB vs GT: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, गुजरात के खेमे में अरशद खान की वापसी हुई है। उन्हें साई किशोर की जगह मौका मिला है।

2 min read
IPL 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है (photo - IPL 2026)

Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans, Final, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

आरसीबी ने नहीं किया कोई बदलाव

फाइनल मैच में आरसीबी ने कोई भी बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक काफी अच्छा विकेट है। मुझे नहीं लगता कि इसमें ज्यादा बदलाव आएगा। पिछले साल की बहुत सारी यादें जुड़ी हैं। इस मैच को जीतने के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। वर्तमान में रहना बहुत जरूरी है। जो चीजें हमारे नियंत्रण में हैं, हम उन पर ही ध्यान देंगे। मुझे इस स्टेडियम में खेलना हमेशा पसंद आता है। हमारी टीम वही है।"

गुजरात ने एक बदलाव किया

वहीं, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "टॉस जीतकर हम पहले बल्लेबाजी ही करते। यह एक आम विकेट है, हम यहां अपना तीसरा मैच खेल रहे हैं। पहले तीन ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। यह दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में से एक है। हमने टीम में एक बदलाव किया है। साईं (किशोर) की जगह अरशद (खान) टीम में आए हैं।"

दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

इस सीजन आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच 3 मैच खेले जा चुके हैं। 24 अप्रैल को आरसीबी ने जीटी के विरुद्ध 5 विकेट से जीत हासिल की थी, जिसके बाद 30 अप्रैल को उसे 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने जीटी को 92 रन से रौंदा था। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 का खिताब अपने नाम किया था, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पिछले सीजन की चैंपियन टीम है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी, रसिख सलाम डार।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: वेंकटेश अय्यर, कनिष्क चौहान, स्वप्निल सिंह, अभिनंदन सिंह, जॉर्डन कॉक्स।

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, निशांत सिंधू, कगिसो रबाडा, अरशद खान, मोहम्मद सिराज।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, साई किशोर।