Commercial LPG Cylinder Price Hike: 1 जून से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
LPG Price Today: जून महीने के पहले दिन ही सुबह-सुबह लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर ( Commercial LPG Cylinder Price Hike) की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। 1 जून से लागू नई दरों के तहत दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़ाकर 3,255.50 रुपये कर दी गई है।
| शहर | नई कीमत | पुरानी कीमत | अंतर |
|---|---|---|---|
| दिल्ली | 3,113.50 | 3,071.50 | 42.00 |
| कोलकाता | 3,255.50 | 3,202.00 | 53.50 |
| मुंबई | 3,067.50 | 3,024.00 | 43.50 |
| चेन्नई | 3,283.00 | 3,237.00 | 46.00 |
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के अलावा 5 किलो वाले छुटकु LPG सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। FTL सिलेंडर के दामों में 11 रुपये का इजाफा हुआ है। दिल्ली में इसकी नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है। पहले इसकी कीमत 810.50 रुपये थी।
घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 1 जून सुबह के अपडेट के मुताबिक घरेलू सिलेंडर के दाम (LPG Price Hike) पहले जितने ही हैं।
| शहर | घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत (₹) |
|---|---|
| दिल्ली | 913.00 |
| मुंबई | 912.50 |
| जयपुर | 916.50 |
| रायपुर | 984.00 |
| भोपाल | 918.50 |
| पटना | 1,011.00 |
| कोलकाता | 939.00 |
| चेन्नई | 928.50 |
इस बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ईंधन सुरक्षा को मजबूत करने और आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को कम से कम 30 दिनों का LPG स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कच्चे तेल के रणनीतिक भंडार को बढ़ाने पर भी काम चल रहा है।
सुजाता शर्मा ने भरोसा दिलाया कि फिलहाल देश में पेट्रोल, डीजल, LPG और प्राकृतिक गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और LPG का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। देश में किसी भी LPG वितरक के यहां गैस की कमी की सूचना नहीं मिली है।