भारत, Jun 04, 2026

Physicswallah के शेयर में बड़ा उछाल आया है। (PC: Physicswallah)
Physicswallah Share Price: एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला (PhysicsWallah) के शेयरों में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर एक ही दिन में करीब 18 फीसदी उछल गए। यह उछाल तब आया, जब कंपनी ने अपने स्टूडेंट लेंडिंग बिजनेस में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया। इस ऐलान के बाद आज BSE पर यह शेयर 91.05 रुपये पर खुला और इंट्राडे में 108.45 रुपये के हाई तक पहुंच गया।
फिजिक्सवाला ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह अब खुद छात्रों को लोन देने का काम नहीं करेगी। इसकी जगह कंपनी कई रेगुलेटेड NBFC यानी नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों के साथ साझेदारी करेगी। ये NBFCs छात्रों की पढ़ाई, लर्निंग जर्नी और एजुकेशनल आउटकम के आधार पर उन्हें लोन देंगी। कंपनी एक टेक-इनेबल्ड प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाएगी जो छात्रों को सही लेंडिंग पार्टनर से जोड़ेगी।
इससे पहले फिजिक्सवाला अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी FinZ फाइनेंस के जरिए खुद छात्रों को लोन देती थी। इस मॉडल में कंपनी की बैलेंस शीट पर क्रेडिट रिस्क यानी लोन न चुकाने का जोखिम सीधे पड़ता था। नए मॉडल में यह जोखिम NBFC पार्टनर्स पर शिफ्ट हो जाएगा और कंपनी की बैलेंस शीट पर दबाव कम होगा।
फिजिक्सवाला के को-फाउंडर प्रतीक महेश्वरी ने कहा कि कंपनी की असली ताकत कम्युनिटी बनाना और ऑनलाइन बिजनेस है। लेंडिंग का काम NBFC पर छोड़ना बेहतर है, क्योंकि उनके पास मजबूत अंडरराइटिंग क्षमता है। उन्होंने यह भी कहा कि शेयरधारकों के हित और सही पूंजी आवंटन कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। निवेशकों ने इस फैसले को इसलिए सराहा क्योंकि इससे कंपनी अपने मुख्य एजुकेशन बिजनेस पर फोकस करेगी और वित्तीय जोखिम कम होगा।
फिजिक्सवाला के चौथी तिमाही के नतीजे भी पॉजीटिव रहे। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का घाटा घटकर 74.89 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 293 करोड़ रुपये था। चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 50.7 फीसदी बढ़कर 918.8 करोड़ रुपये पहुंच गया।
Published on: 04 Jun 2026 02:59 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।