Rajya Sabha elections- उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही एमपी के कांग्रेस विधायकों की बाड़ाबंदी करने की तैयारी, किसी राज्य में होटल में भेजा जा सकता है
MP Congress - मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए दोनों दलों ने गुरुवार को उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने दो उम्मीदवारों तथा कांग्रेस ने एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है। एमपी से बीजेपी अपने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ व मध्यप्रदेश संगठन के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा भेजेगी। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को प्रत्याशी घोषित किया है। वे राहुल गांधी की करीबी नेता मानी जाती हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी के दोनों प्रत्याशी 6 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस की उम्मीदवार के 8 जून को नामांकन भरने की उम्मीद है। राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही एमपी के कांग्रेस विधायकों की बाड़ाबंदी करने की भी तैयारी है। सभी एमएलए को किसी सुरक्षित राज्य में होटल में भेजा जा सकता है।
एआइसीसी द्वारा नामों की घोषणा के बाद कांग्रेस में भी हलचल बढ़ गई है। पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी के लिए प्रस्तावक और समर्थक विधायकों से पहले ही पत्रों पर हस्ताक्षर करा लिए थे, अब उस पर सिर्फ उम्मीदवार का नाम लिखा जाना है।
प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। सूत्र बताते हैं कि इसमें मीनाक्षी को समर्थन की घोषणा के साथ ही विधायकों की बाड़ाबंदी भी की जा सकती है। कांग्रेस के सभी विधायकों को एक साथ कहीं होटल में रखा जा सकता है या बाहर भी भेजा जा सकता है।
इधर उज्जैन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान प्रदेश में 2028 में पार्टी की सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। जीतू पटवारी ने कहा कि देश, प्रदेश, आमजन, युवा और किसान संकट में है। 2014 में भाजपा सरकार ने 35 रुपए पेट्रोल, दो करोड़ रोजगार और महंगाई खत्म करने के सपने दिखाए थे, लेकिन आज देश की स्थिति 2004 से पहले (चंद्रशेखर सरकार के समय) से भी ज्यादा भयावह हो चुकी है। तब देश का सोना गिरवी रखना पड़ा था और आज पीएम मोदी ने देश का सोना ही बेच दिया।
जीतू पटवारी ने दावा किया कि 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में किसान के बेटों की सरकार बनेगी और कांग्रेस भ्रष्टाचार का करारा जवाब देगी। पटवारी ने कहा कि पीएम ने देश नहीं बिकने दूंगा, देश नहीं झुकने दूंगा का नारा दिया था, लेकिन उन्होंने अमरीका के सामने देश को झुकाया और बेचा भी। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ हुई डील ने देश के किसानों और बेरोजगारों की कमर तोड़ दी है, इससे जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर हो रही है।