भोपाल, Jun 05, 2026

meenakshi natarajan rajya sabha candidate mp congress
MP Congress Internal Rift: मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, लेकिन मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद ही मध्यप्रदेश कांग्रेस में विरोध के सुर उठने शुरू हो गए हैं। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से दो बार प्रत्याशी रहे नरेश ज्ञानचंदानी ने खुलकर मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाए जाने पर आपत्ति जताई है।
कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर आपत्ति जताई है। ज्ञानचंदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग कर एक पोस्ट की है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा है- आदरणीय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आपसे आग्रह है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार में बड़ी चूक हुई है। आपको कई बार मैसेज किए थे कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए बड़ा सोच समझकर निर्णय लें, क्योंकि यहां क्रॉस वोटिंग का खतरा है। अगर दिग्विजय सिंह रिपीट होते तो सीट सेफ थी।
बता दें कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पास वर्तमान में 62 विधायक हैं और एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 58 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है। ऐसे में गणित के हिसाब से तो कांग्रेस के पास एक सीट नजर आ रही है लेकिन आशंका है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग हो सकती है और इस कारण कांग्रेस में हलचल मची हुई है। यहां ये भी बता दें मध्यप्रदेश से भाजपा ने राज्यसभा के लिए दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है जिनमें रजनीश अग्रवाल और तरुण चुग शामिल हैं।
Published on: 05 Jun 2026 05:14 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।