Alwar Milk Cake Supply: अलवर का प्रसिद्ध मिल्क केक अब असम राइफल्स के जवानों की थाली तक पहुंचेगा। सरस डेयरी के उत्पादों की आपूर्ति को लेकर दिल्ली में असम राइफल्स और राष्ट्रीय सहकारी डेयरी संघ (एनसीडीएफआई) के बीच महत्वपूर्ण एमओयू हुआ है।
Alwar Milk Cake Supply: राजस्थान के अलवर का प्रसिद्ध मिल्क केक अब असम राइफल्स के जवानों की थाली तक पहुंचेगा। सरस डेयरी के उत्पादों की आपूर्ति को लेकर दिल्ली में असम राइफल्स और राष्ट्रीय सहकारी डेयरी संघ (एनसीडीएफआई) के बीच महत्वपूर्ण एमओयू हुआ है। इसके बाद सरस डेयरी के दूध, दही, छाछ और घी के साथ मिल्क केक भी जवानों तक पहुंचाया जाएगा।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में असम राइफल्स के ब्रिगेडियर जनरल तथा राष्ट्रीय सहकारी डेयरी संघ (एनसीडीएफआई) के चेयरमैन की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के तहत असम राइफल्स की विभिन्न बटालियनों को सरस डेयरी के उत्पाद एनसीडीएफआई के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। सरस डेयरी अलवर के प्रबंध निदेशक राकेश विजय ने बताया कि इस समझौते से न केवल सरस ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि राजस्थान के डेयरी उत्पादों की पहुंच भी देश के दूरदराज क्षेत्रों तक और मजबूत होगी।
सरस डेयरी का मिल्क केक पूरे देश में केवल अलवर स्थित प्लांट में तैयार किया जाता है। यह केवल 375 रुपए प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। यह उत्पाद आईएसओ 22000:2018, एचएसीसीपी और जीएमपी मानकों के अनुरूप तैयार किया जाता है।
अलवर सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान ने कहा कि असम राइफल्स और एनसीडीएफआइ के मध्य एमओयू हुआ है। अब जवानों तक अलवर सरस डेयरी के उत्पाद डिमांड के अनुसार भेजे जाएंगे। सेना की विभिन्न बटालियनों को पूर्व में सरस डेयरी के विभिन्न प्रोडक्ट सप्लाई हो रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सेना के जवानों को उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। सरस डेयरी के उत्पादों की गुणवत्ता प्रदेशवासियों के साथ ही सेना के तय मापदंडों पर विश्वसनीय मानी गई है।
सरस डेयरी ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। राजस्थान के डेयरी उत्पादों की पहुंच भी देश के दूरदराज क्षेत्रों तक और मजबूत होगी। उल्लेखनीय है कि सरस डेयरी के प्रोडक्ट की सेना के अलावा विभिन्न सरकारी उपक्रमों में बेहद डिमांड है। रेलवे जैसे बड़े उपक्रम में भी दुग्ध उत्पादों के लिए सरस डेयरी को ही प्राथमिकता मिली है।