वेरावल. गिर सोमनाथ जिले के मुख्यालय वेरावल स्थित खारवा वाड़ा में रविवार मध्यरात्रि बाद करीब डेढ बजे तीन मंजिला जर्जरित मकान ढह गया। इस हादसे में माता-पुत्री सहित तीन लोगों की मौत हो गई। अन्य दो लोग भी जख्मी हुए हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वेरावल के खारवा वाड़ा में आजाद चौक स्थित शंकर सुयाणी का 80 साल पुराना तीन मंजिला मकान रविवार मध्यरात्रि बाद करीब 1.30 बजे अचानक ढह गया। इस कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, नगरपालिका प्रशासन की टीम और स्थानीय युवाओं की टीम ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का कार्य शुरू कर दिया।
रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आई। सोमवार सुबह 4.30 बजे मलबे से देवकी सुयाणी (65), पुत्री जशोदा सुयाणी (35) और एक अन्य व्यक्ति दिनेश जुंगी (34) के शव को बाहर निकालने में सफलता मिली। तीनों लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई।
क्षेत्र के नागरिकों के अनुसार रामदेवपीर मंदिर के पास आजाद चौक इलाके में यह मकान जहां था उसके आस-पास से बड़ी संख्या में पैदल यात्री गुजरते हैं। रात में यहां ज्यादा भीड़ नहीं होती। दिनेश जुगी नामक व्यक्ति बाइक से वहां पहुंचा था और मकान के नीचे बैठा था। इस दौरान ही मकान गिर गया।
मकान ढहने से इसमें रहने वाली माता-पुत्री और बाइक चालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की और इलाके की घेराबंदी कर दी।
नगरपालिका सूत्रों के तहत यह जो जर्जरित मकान गिरा है उसके आसपास के मकान भी जर्जरित बताए जा रहे हैं। इनके भी गिरने का खतरा है। इसे देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने इन मकानों की जांच कराने और उन्हें जर्जरित घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
Published on:
06 Oct 2025 10:39 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग