14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: हर दिन गैस सिलेंडर के स्टॉक की होगी गिनती, चेकिंग के निर्देश

अहमदाबाद कलक्टर ने की स्थिति की समीक्षा, पर्याप्त स्टॉक का दावा, जमाखोरी करने वाले, कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश।

2 min read
Google source verification
Ahmedabad Collector

गैस सिलडेंर की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते जिला कलक्टर।

Ahmedabad. ईरान, इजराइल, अमरीका के बीच जारी युद्ध के चलते पैदा हुई परिस्थितियों के बीच अहमदाबाद जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों को पाने के लिए गैस एजेंसियों पर लोगों की कतारें लग रही हैं। लोग कड़ी धूप में भी कतार में खड़े हैं। ऐसी तस्वीरों के बीच जिला कलक्टर सुजीत कुमार ने स्थिति की समीक्षा की। कलक्टर ने हर दिन गैस सिलेंडर के स्टॉक की गिनती के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीमों को जांच के भी निर्देश दिए हैं।

कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले की एलपीजी वितरण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में यह सुनिश्चित करने के लिए माइक्रो प्लानिंग की गई कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे।

कालाबाजारी, जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई

कलक्टर ने कहा कि गैस सिलेंडर की काला बाजारी, जमाखोरी या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल, हॉस्टल, संस्थाओं को प्राथमिकता

उन्होंने निर्देश दिया कि सामान्य आपूर्ति के साथ-साथ अस्पताल, स्कूल, हॉस्टल और अन्य सामाजिक संस्थाओं जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए गैस सिलेंडर की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि इन संस्थानों का काम प्रभावित न हो।

डिजिटल मॉनीटरिंग व्यवस्था लागू

गैस सिलेंडर आपूर्ति की निगरानी के लिए जिला प्रशासन ने डिजिटल मॉनीटरिंग व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के बीच व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसके माध्यम से समन्वय और रोजाना स्टॉक की गिनती व रिपोर्टिंग की व्यवस्था की है। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। बैठक में विभिन्न तेल और गैस कंपनियों के अधिकारी, आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग तथा प्रांत अधिकारियों सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसमें लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को भी कहा गया है।