
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले 5 शूटर गिरफ्तार, PC- Police
आगरा : फिल्म इंडस्ट्री को दहलाने वाली फायरिंग की वारदात में बड़ा खुलासा हुआ है। मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने लॉरेंस गैंग से जुड़े पांच शूटरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के आगरा और नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हरियाणा के झज्जर जिले की बहादुरगढ़ STF यूनिट ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोचा। इनमें चार आगरा और एक नोएडा का निवासी है। पुलिस के अनुसार, इन लोगों को गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग के नेटवर्क से निर्देश मिलते थे। आरोप है कि फिल्मी हस्तियों को डराकर रंगदारी वसूलने के मकसद से उनके घरों के बाहर फायरिंग की जाती थी।
इससे पहले 5 फरवरी को मुंबई पुलिस ने आसाराम फसाले नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह पिछले चार वर्षों से गैरेज मैकेनिक के रूप में काम कर रहा था और गैंग से जुड़ा हुआ था। पुलिस का दावा है कि वह गैंग के कथित मास्टरमाइंड शुभम लोंकर के निर्देश पर हथियारों की आपूर्ति करता था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रितिक यादव, सनी, सोनू और विष्णु (बहाबीजौली, आगरा) तथा दीपक (सेक्टर-45, सादरपुर, नोएडा) के रूप में हुई है। विष्णु को आगरा से और बाकी आरोपियों को हरियाणा से पकड़ा गया। वारदात के बाद सभी फरार हो गए थे।
STF प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार के मुताबिक, आरोपियों पर BNS की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी के खिलाफ पूर्व में भी एक-एक केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की। एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हमले के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक कथित स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े नामों द्वारा लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में धमकी दी गई थी कि यह केवल “ट्रेलर” है और भविष्य में घर के अंदर तक हमला किया जा सकता है। साथ ही बॉलीवुड के अन्य लोगों को भी चेतावनी दी गई थी। हालांकि, इस वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Published on:
16 Feb 2026 03:39 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
