5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, Jun 02, 2026

रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला: 656 ड्रोन और 73 मिसाइलें दागीं, 18 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल

Russia ने Ukraine पर 656 ड्रोन और 73 मिसाइलों से बड़ा हमला किया। कीव और ड्नीप्रो समेत कई शहरों में भारी तबाही हुई है। इस हमले में बच्चों समेत अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

image
भारत

Jun 02, 2026

Russia-Ukraine

रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइलों से हमला किया (X-Photo)

Russia Ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। मंगलवार को रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोनों से हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हमले में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

रूसी हमले ने ली 12 लोगों की जानें

यूक्रेन के ड्नीप्रो शहर में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर हुए हमले ने सबसे दर्दनाक तस्वीरें सामने लाईं। राहत और बचाव दल ने मलबे से एक 8 साल के बच्चे और एक महिला का शव निकाला। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार शहर में कुल 12 लोगों की मौत हुई है। एक अन्य बच्चे की भी जान चली गई। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इमारत का एक बड़ा हिस्सा लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया। बचावकर्मी घंटों तक मलबे में दबे लोगों की तलाश करते रहे।

राजधानी कीव में भारी तबाही, 6 की मौत

रूस के हमले का बड़ा असर राजधानी कीव में भी देखने को मिला। यहां कम से कम छह लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए। कई रिहायशी इमारतों, घरों और अन्य नागरिक ढांचों को नुकसान पहुंचा। हमले के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में आग लग गई। पेट्रोल पंप, निर्माण स्थल और आवासीय इमारतों के आसपास धुएं के बड़े गुबार देखे गए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। कीव के मेयर विटाली क्लिट्सको ने लोगों से सुरक्षित स्थानों और बंकरों में रहने की अपील की। सुबह के समय शहर में लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं और आसमान में ड्रोन की गतिविधियां देखी गईं।

रूस ने दागीं 656 अटैक ड्रोन और 73 मिसाइलें

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने रातभर में 656 अटैक ड्रोन और 73 मिसाइलें दागीं। इनमें बैलिस्टिक, क्रूज और एंटी-शिप मिसाइलें शामिल थीं। जेलेंस्की ने कहा कि हमलों का निशाना नागरिक ढांचे और ऊर्जा सुविधाएं थीं। उन्होंने अमेरिका से पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलों की तत्काल आपूर्ति की मांग भी की। उन्होंने कहा 'हमें पैट्रियट प्रणालियों के लिए मिसाइलों की आपूर्ति में संयुक्त राज्य अमेरिका से तत्काल सहायता की आवश्यकता है।'

आखिर रूस ने क्या कहा

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यह हमला यूक्रेन की ओर से पहले किए गए हमलों के जवाब में किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि अभियान के सभी हमले के लक्ष्य पूरे कर लिए गए हैं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि 'रूस इन हमले को जारी रखे हुए है, जिनकी घोषणा पहले की गई थी।' उनका दावा है कि हमलों का उद्देश्य यूक्रेन के सैन्य ढांचे को निशाना बनाना है।

रूस में भी हुआ कई ड्रोन हमला

दूसरी ओर रूस के कुर्स्क क्षेत्र में सोमवार शाम यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दक्षिण-पश्चिमी शहर क्रास्नोडार में एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमले के बाद आग लगने की भी खबर है। मई में अस्थायी युद्धविराम खत्म होने के बाद दोनों देशों के बीच हमले तेज हो गए हैं। हाल के हफ्तों में रूस और यूक्रेन दोनों एक-दूसरे के इलाकों पर लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले कर रहे हैं, जिससे युद्ध और अधिक गंभीर होता जा रहा है।

लोगों में बढ़ रही निराशा

हमलों के बाद कीव मेट्रो स्टेशन में शरण लेने वाले लोगों ने युद्ध को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। 32 साल की एक महिला ने रॉयटर्स से कहा कि उसे पहले उम्मीद थी कि युद्ध जल्द खत्म होगा, लेकिन अब उसने उम्मीद खो दी है। वहीं एक 71 साल लियोनिद जमीयेव्स्की ने कहा कि यूक्रेन के लोग अपने दम पर युद्ध कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय दबाव अधिक होता तो शायद यह युद्ध जल्दी खत्म हो सकता था।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें