
हिरासत में विदेश जा रहा भारतीय छात्र (IG)
अमेरिका में एक भारतीय नागरिक पर शिकागो से जर्मनी जा रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट में दो 17 वर्षीय किशोरों पर कांटे वाली चम्मच (फोर्क) से हमला करने और एक महिला यात्री को थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी की पहचान प्रणीत कुमार उसिरिपल्ली (28) के रूप में हुई है, जो भारत का निवासी है। इस घटना के बाद फ्लाइट को बोस्टन लॉगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मैसाचुसेट्स जिले के अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने सोमवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। कोर्ट दस्तावेजों के अनुसार, घटना शनिवार (25 अक्टूबर) को लुफ्थांसा फ्लाइट LH-431 पर हुई, जो शिकागो ओ'हेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) के लिए रवाना हुई थी। आरोपी उसिरिपल्ली अमेरिका में स्टूडेंट वीजा पर मूडी बाइबल इंस्टीट्यूट में बाइबिल स्टडीज में मास्टर्स प्रोग्राम में दाखिला लेकर पढ़ रहा था, लेकिन उसके पास देश में वैध रहने का स्टेटस नहीं है।
अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के अनुसार,खाने के बाद युवक मिडिल सीट पर हल्की नींद में सो रहा था। जब वह जागा, तो उसने उसिरिपल्ली को अपने ऊपर खड़े पाया। आरोपी ने तुरंत उसके बाएं कंधे पर चम्मच से वार किया, जिससे चोट लग गई। इसके बाद उसने दूसरे युवक की ओर लपका और उसके सिर के पिछले हिस्से पर चम्मच से प्रहार किया।
क्रू मेंबर्स (फ्लाइट स्टाफ) ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने अपना हाथ काल्पनिक पिस्तौल के आकार में बनाया, उसे मुंह में डालकर ट्रिगर दबाने का अभिनय किया। फिर वह एक महिला यात्री की ओर बढ़ा और उसे थप्पड़ मार दिया। उसने क्रू मेंबर्स पर भी थप्पड़ मारने का प्रयास किया। इस व्यवहार से घबराए चालक दल ने फ्लाइट को बोस्टन की ओर मोड़ दिया, जहां सुरक्षित लैंडिंग के बाद उसिरिपल्ली को हिरासत में ले लिया गया।
उसिरिपल्ली पर अमेरिकी जिला अदालत में "विशेष विमान क्षेत्राधिकार में विमान पर यात्रा के दौरान शारीरिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से खतरनाक हथियार से हमला" का एक मामला दर्ज किया गया है। दोषी साबित होने पर उसे अधिकतम 10 वर्ष की जेल, 3 वर्ष की निगरानी में रिहाई और 2,50,000 डॉलर (करीब 2.1 करोड़ रुपये) तक का जुर्माना हो सकता है।
FBI बोस्टन ने भी इस मामले की जांच की है। आरोपी को फिलहाल हिरासत में रखा गया है, और अदालत में पेशी की तारीख तय की जा रही है। यह घटना अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में मानसिक स्वास्थ्य और शराब सेवन की जांच जरूरी है, हालांकि अभी तक आरोपी के मोटिव का खुलासा नहीं हुआ है।
Published on:
29 Oct 2025 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग

