विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आक्रामक रुख अपना रखा है। स्पीकर के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने लोकसभा सचिवालय को अविश्वास प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है। इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और DMK जैसे दलों के करीब 118 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने के नोटिस पर साइन किए हैं। यह नोटिस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद में नहीं बोलने देने के आरोप में लाया जा रहा है। हालांकि इस नोटिस पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हस्ताक्षर नहीं किया है। अविश्वास प्रस्ताव नोटिस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने साइन क्यों नहीं किया, इस पर पार्टी ने वजह बताई है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक स्पीकर को पद से हटाने के नोटिस पर नेता प्रतिपक्ष का साइन करना संसदीय लोकतंत्र में सही नहीं है। इसी वजह से उन्होंने इस नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किया है। आपको बता दें कि लोकसभा के महासचिव को नोटिस सौंप दिया गया है। इसके बाद ओम बिरला ने खुद को सदन की कार्यवाही के संचालन से अलग कर लिया है। मंगलवार को वह सदन की कार्यवाही का संचालन करने आसन पर नहीं आए है।