Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस्सी

झूंठ व फर्जीवाड़े से बनी तीनों ही बार केन्द्र में भाजपा सरकार – सांसद मुरारीलाल मीना

केन्द्र में तीन बार भाजपा की सरकार बनी है, तीनों ही बार झूंठ व फर्जीवाड़े से बनी है। यदि अभी भी कांग्रेस कार्यकर्ता सतर्क नहीं रहे तो फिर भी भाजपा सरकार बन जाएगी।

बस्सी @ पत्रिका.केन्द्र में तीन बार भाजपा की सरकार बनी है, तीनों ही बार झूंठ व फर्जीवाड़े से बनी है। यदि अभी भी कांग्रेस कार्यकर्ता सतर्क नहीं रहे तो फिर भी भाजपा सरकार बन जाएगी। यह बात बुधवार को दौसा सांसद मुरारीलाल मीना ने बस्सी विधानसभा मुख्यालय पर आरओबी के समीप एक लॉन में कार्यकर्ताओं के बीच कही।

सांसद ने कहा कि मोदी व भाजपा ने पहली बार ऐसा झूंठ बोला कि लोगों के बैंक खातों में 15 – 15 लाख रुपए आएंगे। विदेशों से काला धन लाएंगे। फिर जनता समझ गई तो अब वोट चोरी करना शुरू कर दिया है। लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 100 लोकसभाओं को चुना जहां पर कांग्रेस का महौल अधिक था और वहां से वोट चोरी की। बिहार में 65 लाख वोट काट दिए। चुनाव आयोग का मुखिया अमित शाह के मंत्रालय में था, वो ही सब कर रहा है। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचा रही है। राहुल गांधी वोट चोरी रोकने में मेहनत कर रहे हैं ,इससे भाजपा घबरा रही है।

जिलाध्यक्ष एवं जमवारामगढ़़ के पूर्व विधायक गोपाल मीना ने कहा कि भाजपा गुजरात में 25 साल से वोट चोरी कर सरकार बना रही है। वहीं दूसरे राज्यों में 16 साल से वोट चोरी कर भाजपा सत्ता पर कब्जा कर रही है। भाजपा ने जयपुर ग्रामीण विधानसभा में भी गड़बड़ी की थी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस में हर कार्यकर्ता को सचेत रहना होगा। किसी भी कीमत पर वोटों में गड़बड़ी नहीं करने देनी है। वहीं हस्ताक्षर अभियान के लिए उन्होंने कहा कि जिस विधानसभा में कार्यकर्ता अधिक लोगों के इस अभियान में हस्ताक्षर करेंगे, उनको राज्य व देश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

बस्सी विधायक लक्ष्मण मीना ने तो आरोप लगाया कि उनके यहां तो पिछले दिनों पंचायत समिति के चुनाव में ही वोटों की चोरी की है। वोट चोरी का शक तो पहले से ही था, लेकिन शीर्ष नेता राहुल गांधी ने भाजपा की वोट चोरी पकड़ी उसके बाद शक हकीकत में बदल गया। यहां तक की इलेक्शन कमीशन ही भाजपा के लिए वोट चोरी करवा रहा है। भाजपा के इस फर्जीवाड़े को रोकने के लिए कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को मजबूत से लड़ना है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहना है।

इनके अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवीन सिंह राठौड़, पीसीसी सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य सुरेन्द्र सिंह बराला व पूर्व प्रधान गणेश शर्मा सहित कई पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को सावचेत रहने की सलाह दी। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल खोलिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य बेनी प्रसाद कटारिया, जिला परिषद सदस्य संगीता शर्मा, दौसा प्रधान प्रहलाल मीना आदि मौजूद थे।

जिलाध्यक्ष व सांसद – विधायक ने किए हस्ताक्षर….

कांग्रेस का वोट चोर, गद्दी छोड़ो- हस्ताक्षर अभियान में बस्सी मुख्यालय पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल मीना ने बोर्ड पर हस्ताक्ष्र कर बस्सी में हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की। इसके बाद सांसद मुरारीलाल मीना व विधायक लक्ष्मण मीना ने हस्ताक्षर किए। इनके हस्ताक्षर करने के बाद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी हस्ताक्षर किए। (कासं )