उदयपुर, May 31, 2026

राजीव गांधी पार्क के समीप नाइट फूड कोर्ट एवं नाइट बाजार के लिए स्टॉल निर्माण कार्य शुरू
उदयपुर. झीलों की नगरी में रात में घूमने आने वाले पर्यटकों और शहरवासियों को जल्द नई सौगात मिलने जा रही है। फतहसागर झील के रानी रोड राजीव गांधी पार्क के समीप जयपुर के प्रसिद्ध मसाला चौक की तर्ज पर नाइट फूड कोर्ट एवं नाइट बाजार विकसित किया जा रहा है। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) 1.81 करोड़ रुपए से इस परियोजना के तहत 14 आधुनिक फूड शॉप्स, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पार्किंग सुविधा और आकर्षक फूड जोन तैयार करेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। शाम ढलने के बाद फतहसागर क्षेत्र में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से नाइट बाजार नए आकर्षण के रूप में उभर सकता है।परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसे जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। नाइट बाजार शुरू होने के बाद पर्यटकों को देर रात तक एक ही जगह राजस्थानी, मेवाड़ी और विभिन्न प्रकार के भारतीय व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। इससे फतहसागर क्षेत्र में रात्रिकालीन पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में जिस जगह बच्चों के लिए एडवेंचर एक्टिविटी जोन संचालित किया जा रहा था, वहां कंटेनर आधारित आधुनिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। एडवेंचर जोन को राजीव गांधी पार्क के ऊपरी हिस्से में स्थित छतरी के समीप स्थानांतरित किया जाएगा। यूडीए इसके लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास भी कर रहा है।पर्यटन नगरी में हर वर्ष लाखों देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों को दिनभर शहर के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद देर रात भोजन और खानपान की सीमित सुविधाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर फतहसागर, रानी रोड और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक गुणवत्तापूर्ण फूड कोर्ट की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नाइट बाजार शुरू होने के बाद यह कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
250 लोगों की बैठक क्षमता
नाइट फूड कोर्ट में स्थानीय मेवाड़ी व्यंजनों के साथ-साथ फास्ट फूड, स्नैक्स, चाट, मिठाइयों और अन्य लोकप्रिय खाद्य पदार्थों की दुकानें संचालित की जा सकेंगी। पर्यटकों और परिवारों के लिए बैठकर भोजन करने की विशेष व्यवस्था भी होगी। 250 लोगों की बैठक क्षमता वाले इस फूड हब में स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
परियोजना एक नजर में
स्थान : रानी रोड, फतहसागर झील के समीप
परियोजना लागत : 1.81 करोड़ रुपये
कुल क्षेत्रफल : 1347.30 वर्गमीटर
कंटेनर शॉप्स : 14
प्रत्येक दुकान का आकार : 6.06 × 2.44 मीटर
बैठक क्षमता : 250 व्यक्ति
पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं का विकास
कार्य प्रारंभ : 23 जनवरी 2026
कार्य पूर्णता लक्ष्य : 22 जुलाई 2026
फतहसागर की पाल पर सैर, झील का मनमोहक दृश्य और अब स्वादिष्ट व्यंजनों का संगम
नाइट फूड कोर्ट शुरू होने के बाद यह क्षेत्र उदयपुर के सबसे लोकप्रिय रात्रिकालीन पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।
Published on: 31 May 2026 06:31 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।