30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिरोही, May 23, 2026

Sirohi News: सिरोही से बड़ी खबर, मिट्टी का टीला ढहा, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, अनाथ हुए बच्चे

सिरोही शहर में शनिवार दोपहर मिट्टी का टीला ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मिट्टी के नीचे दबने से एक महिला और एक पुरुष मजदूर की मौत हो गई।

Sirohi Two laborers died

मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका

सिरोही। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सिरोही लॉ कॉलेज के पास शनिवार दोपहर मिट्टी के टीले के नीचे दबने से मजदूर पति-पत्नी की मौत हो गई। दंपती यहां लॉ कॉलेज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरने के बाद टीले की ओट में बैठे थे, इसी दौरान मिट्टी का टीला भरभराकर उनके ऊपर ढहने से दोनों नीचे दब गए। कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।

यह वीडियो भी देखें

कोतवाली थाना प्रभारी कैलाशदान ने बताया कि पिंडवाड़ा क्षेत्र के साबेला गांव निवासी प्रेमाराम (45) और उनकी पत्नी शारदा देवी (40) यहां लॉ कॉलेज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरने का कार्य कर रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरने के बाद दोनों पास ही मिट्टी के टीले की ओट में बैठ गए। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और दोनों उसके नीचे दब गए।

ट्रैक्टर चालक वापस लौटा तो घटना का पता चला

ट्रैक्टर चालक मिट्टी खाली कर वापस लौटा तो दोनों मजदूर मौके पर दिखाई नहीं दिए। आसपास तलाश करने पर मिट्टी धंसी हुई नजर आई, जिससे हादसे का अंदेशा हुआ। उसने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस व स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से दोनों को सरकारी अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी हरीसिंह और तहसीलदार जगदीश कुमार भी मौके और अस्पताल पहुंचे। हादसे में जान गंवाने वाले प्रेमाराम और शारदा देवी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर फैल गई।

दो युवकों की मौत

गौरतलब है कि इससे पहले सिरोही जिले में शुक्रवार तड़के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में भीषण हादसा हो गया था। कोजरा तिराहा और चवरली के बीच फोरलेन हाईवे पर अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक उसमें फंस गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें