10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यहां साधू के वेश में घूम रहे हैं शातिर ठग, एक तो कांस्टेबल के घर में ही कर गया खेल

MP News : गिरोह के सदस्य दान मांगने के बहाने लोगों के घर में दस्तक देते हैं। गैंग द्वारा शिवपुरी के साथ-साथ कोलारस तक के इलाकों में वारदात को अंजाम दिया है।

2 min read
Google source verification
MP News

साधु के वेश में घूम रहे ठग (Photo Source- Viral CCTV)

MP News :मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में पिछले कई दिनों से साधु के वेश में ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्य दान मांगने के बहाने लोगों के घर में दस्तक देते हैं। गैंग द्वारा शिवपुरी के साथ-साथ कोलारस तक के इलाकों में वारदात को अंजाम दिया है। इस गैंग ने सोने-चांदी के जेवर के साथ कैश की ठगी तक की है। अबतक ठगी के शिकार दो लोगों ने पुलिस में केस दर्ज कराया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सामने आई वारदातों में से पहली शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना इलाके की वर्मा कालोनी से सामने आई। यहां रहने वाले प्रधान आरक्षक प्रताप नारायण शर्मा के घर में ठग ने साधु का वेश धारण कर वारदात को अंजाम दिया है। प्रधान आरक्षक के घर पहुंचे ठग ने उनकी पत्नी से दान के रूप में आटा मांगा। प्रताप नारायण शर्मा की पत्नी ने कथित साधु को आटा दे दिया। इसके बाद जब महिला ने साधु को दक्षिणा देने का प्रयास किया तो ठग ने दक्षिणा लेने से इंकार कर दिया।

7500 रुपए लेकर फरार

इसी दौरान उक्त साधु ने महिला को उसके घर-परिवार के संबंध में कुछ बातें बताना शुरू कर दीं। समस्या और उसके समाधान बताते हुए महिला से 7500 रुपए नगद की ठगी की वारदात को अंजाम दे दिया। इसके बाद साधु वहां से भाग गया। साधु के जाने के बाद महिला को खुद के साथ ठगी का अहसास हुआ। पति के घर लौटने पर उसने सारा घटनाक्रम बताया, जिसके बाद मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को दर्ज करवाई गई।

21 कदम जाओ, हनुमान जी के दर्शन हो जाएंगे

ठगी की दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र में एसडीओपी कार्यालय के पास से सामने आई। यहां रहने वाली उमा परमार मंडी परिसर में स्थित शंकर जी के मंदिर दर्शन करने गई थीं। जब वो मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थीं तभी एसडीओपी कार्यालय के पास एक शख्स मिला, जिसने खुद को आयोध्या का साधु बताते हुए महिला से बातचीत शुरी की। उक्त व्यक्ति ने पहले तो कहा कि, वो अयोध्या से डॉक्टर साहब को दवा देने आया है। लेकिन, जब उस कथित साधु ने महिला को बातों में उलझा लिया तभी वहां एक अन्य युवक आया, जिसने खुद को पुलिस बताया। इसके बाद खुद को साधु बताने वाले ठग ने पुलिसकर्मी बने ठग को उसके बारे में बताने लगा। महिला को विश्वास में लेने के लिए पुलिसकर्मी बनकर आए ठग ने कहा- आपने तो सबकुछ सही-सही बता दिया।

मंगलसूत्र लेकर फरार

इसके बाद जब महिला दोनों की बातें गौर से सुनने लगी तो उसने महिला को उसके बारे में बताना शुरू कर दिया। इसी दौरान ठग ने महिला से कहा- 'आप गले में पहना मंगलसूत्र निकालकर हाथ में रख लो, वरना मेरी विद्या काम नहीं करेगी।' महिला ने मंगलसूत्र निकाला तो उसने महिला से मंगलसूत्र पुलिसकर्मी बनकर आए ठग के हाथ में दिलवा दिया और महिला से कहा- 'यहां से 21 कदम चलकर आगे जाओ, लेकिन पीछे मुड़कर मत देखना, आपको हनुमान जी के दर्शन हो जाएंगे।' महिला ने ऐसा ही किया, लेकिन जब 21 कदम चलकर उसने पछे पलटकर देखा, तब दोनों ठग एक बाइक पर एक साथ बैठकर भाग रहे थे।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश

शिवपुरी और कोलारस की घटना को ट्रेस कर साधु के रूप में शहर में घूम रहे ठगों को पकड़ने के लिए अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। शिकायत के बाद कोलारस पुलिस ने आसपास के कैमरों को खंगाला, जिसमें ठग एक बाइक पर सवार होकर भागते नजर आए हैं। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही उनके हाथ ठगों के गिरेबान पर होंगे। फिलहाल, जांच जारी है।