
डूंगरी बांध के विरोध में जुटे ग्रामीण: फोटो पत्रिका नेटवर्क
भाड़ौती (सवाई माधोपुर)। पीकेसी-ईआरसीपी के तहत सवाईमाधोपुर और करौली जिले की सीमा पर बनास नदी में प्रस्तावित डूंगरी बांध के विरोध में बुधवार को अजनोटी में सभा के बाद ट्रैक्टर रैली निकालकर सवाई माधोपुर कूच करने को लेकर बवाल हो गया। पुलिस ने रैली को रोकने का प्रयास किया तो कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके चलते भगदड़ मच गई। पथराव में पुलिस के आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोट लगी।
मौके पर मौजूद कुछ निजी वाहनों के भी शीशे टूट गए। पथराव के चलते एक बारगी पुलिस को पीछे हटना पड़ा। बाद में अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत किया। सभा स्थल पर एसडीएम ने जाकर ज्ञापन लिया और ग्रामीणों को समाधान का भरोसा देकर रैली व सभा का समापन कराया गया।
गौरतलब है कि अजनोटी गांव में डूंगरी बांध रद्द करने की मांग को लेकर 76 गांवों की सभा व ट्रैक्टर रैली आयोजित की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि डूंगरी बांध निर्माण में उनके खेत और जमीनें आ रही हैं। सभा में लंबे भाषणों से नाराज ग्रामीणों का एक पक्ष अचानक खड़ा हो गया तथा कई युवक ट्रैक्टर लेकर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने रोक दिया। इस पर पीछे खड़े ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
पथराव की घटना के बाद लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पुलिस छावनी में बदल गया। सवाईमाधोपुर के समीप चकचैनपुरा हवाई पट्टी के पास बैरिकेड लगाकर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। आरएसी, पुलिस लाइन सहित आधा दर्जन थानों का पुलिस बल व अधिकारी मौके पर तैनात रहा।
जिला प्रशासन एवं डूंगरी बांध संघर्ष समिति के मध्य हुई वार्ता में बनी सहमति के अनुसार ट्रैक्टर मार्च अजनोटी तक ही आयोजित किया जाना तय हुआ था। ज्ञापन देकर कार्यक्रम शांतिपूर्ण रूप से समाप्त किया जाना निर्धारित था। इस दौरान कुछ समाजकंटक जो संघर्ष समिति से असहमत थे, पूर्व निर्धारित व्यवस्था को भंग करते हुए ट्रैक्टर मार्च को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय की ओर आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि उन्हें रोकने के दौरान पथराव कर दिया। पुलिस ने सूझबूझ एवं संयम के साथ तत्काल मामला नियंत्रित कर लिया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सामान्य है। कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
Published on:
21 Jan 2026 07:17 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
