30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सवाई माधोपुर, May 30, 2026

सवाई माधोपुर में भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल से धक्का-मुक्की, विजय बैंसला बोले- समाज का इस्तेमाल बंद हो

Sawai Madhopur News: कुशालीदर्रा स्मारक पर प्रतिमाओं के अनावरण को लेकर गुर्जर महोत्सव के दौरान विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे विधायक जितेंद्र गोठवाल का विरोध हुआ, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

Vijay Singh Bainsla

गुर्जर महोत्सव में विजय बैंसला। फोटो- पत्रिका

सवाई माधोपुर। कुशालीदर्रा स्मारक पर शुक्रवार रात आयोजित गुर्जर महोत्सव के दौरान प्रतिमाओं की स्थापना और अनावरण को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। शुक्रवार देर रात प्रतिमाओं को स्थल पर स्थापित किया गया था। इसी दौरान भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां समाज के कुछ युवाओं ने उनका विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। एक वीडियो में विधायक गोठवाल भीड़ के बीच घिरे नजर आए, जिन्हें उनके सुरक्षाकर्मी सुरक्षित बाहर लेकर गए।

यह वीडियो भी देखें

शनिवार दोपहर गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक विजय बैंसला ने गुर्जर आरक्षण आंदोलन में मृत राधेश्याम, कन्हैयालाल तथा संघर्ष समिति के पूर्व संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की प्रतिमाओं का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अनावरण किया। इस अवसर पर विजय सिंह बैंसला ने कहा कि गुर्जर समाज केवल वोट के लिए इस्तेमाल होने वाला समाज नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को सम्मान नहीं मिलेगा तो वह तिरस्कार करना भी जानता है।

तीन जिलों से पुलिस तैनात

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों से समाज का केवल उपयोग किया जा रहा है, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। सवाईमाधोपुर, करौली और दौसा जिलों से करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। हालांकि कार्यक्रम के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बल कार्यक्रम स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर खड़ा रहा और स्थिति पर नजर रखता रहा।

इनका कहना है

मेरे विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचना मेरी नैतिक जिम्मेदारी थी। इसी भावना के तहत मैं शुक्रवार रात कार्यक्रम में पहुंचा था, लेकिन विपक्ष (कांग्रेस) से जुड़े लोगों ने राजनीतिक मानसिकता के चलते मेरा विरोध किया। मैं हमेशा समाज के साथ खड़ा रहा हूं और आगे भी रहूंगा। हाथापाई के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

  • जितेन्द्र गोठवाल, विधायक, खण्डार

यह बोले जिला कलक्टर

कुशालीदर्रा में गुर्जर समाज की ओर से प्रस्तावित निर्माण को लेकर शुक्रवार शाम संभागीय आयुक्त, भरतपुर रेंज के आईजी, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के प्रबुद्धजनों के बीच बैठक हुई थी। वन विभाग ने बताया था कि संबंधित भूमि रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के कोर टाइगर हैबिटेट क्षेत्र में आती है, जहां नियमानुसार किसी भी प्रकार की गैर-वानिकी गतिविधि और निर्माण कार्य की अनुमति नहीं है।

उन्होंने कहा कि बैठक में समाज के प्रतिनिधियों ने फिलहाल यथास्थिति बनाए रखने तथा मृतकों की स्मृति में राज्य सरकार की ओर से उपयुक्त वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। इसके बावजूद बिना अनुमति के प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। समाज को वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराकर प्रतिमाओं को वहां स्थानांतरित कराया जाएगा।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें