सवाई माधोपुर, May 29, 2026

संबोधित करते विजय बैंसला। फोटो- पत्रिका
सवाईमाधोपुर। गुर्जर आरक्षण आंदोलन में जान गंवाने वाले युवकों की याद में आयोजित भगवान देवनारायण राष्ट्रीय महोत्सव शुक्रवार को आस्था, श्रद्धा और शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गया। कुशालीदर्रा शहीद स्मारक पर हजारों की संख्या में समाज के लोग जुटे। कार्यक्रम में पहुंचे गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक विजय बैंसला ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए बड़ा ऐलान किया कि आंदोलन में मारे गए लोगों की मूर्तियां कुशालीपुरा तिराहे पर स्थापित की जाएंगी। उनके इस ऐलान के बाद माहौल और गर्म हो गया।
यह वीडियो भी देखें
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान कुशालीदर्रा शहीद स्मारक से लेकर हलौंदा मोड़ तक लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। समाज के लोगों ने विजय बैंसला का स्वागत किया और शहीदों के समर्थन में नारे लगाए। गुरुवार रात आयोजित भजन संध्या और शुक्रवार को दिनभर चली रामरसिया एवं पद दंगल पार्टियों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को बांधे रखा। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सवाई माधोपुर का पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। सुरक्षा के मद्देनजर कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। बाद में विजय बैंसला ने बोदल गांव पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद यातायात दोबारा शुरू कराया गया। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेय ने स्वयं भोमियाजी टेक पर मोर्चा संभाला और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी। राष्ट्रीय राजमार्ग और कमलेश्वर महादेव मार्ग पर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान समिति उपाध्यक्ष भूरा भगत, किसान संघ मंत्री लटूर सिंह गुर्जर, कर्नल बैंसला फाउंडेशन अध्यक्ष रंगलाल गुर्जर और पूर्व प्रधान गिर्राज गुर्जर सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
गुर्जर समाज लंबे समय से आंदोलन में मारे गए युवकों की मूर्तियां लगाने की मांग कर रहा है। समाज का कहना है कि आंदोलन में शहीद हुए लोगों को सम्मान मिलना चाहिए। ऐसे में वे मूर्ति लगाने पर अड़े हुए हैं। विजय बैंसला ने घोषणा की कि शनिवार को श्रद्धांजलि दिवस पर मूर्तियों का अनावरण किया जाएगा। वहीं समाज ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आगे आंदोलन भी किया जाएगा। विजय बैंसला के ऐलान के बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई है और अब सभी की नजर अगले कदम पर टिकी हुई है।
संबंधित विषय:
Published on: 29 May 2026 10:10 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।