30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतना, May 30, 2026

जज की दबंगई: घर की लाइट गोल तो पूरे नगर की बंद करवा दी बिजली

तेज आंधी के कारण चित्रकूट की विद्युत व्यवस्था धराशायी हो गई थी। बमुश्किल बहाल हुई लेकिन जज साहब के घर लाइट नहीं आई। नाराज जज सब स्टेशन पहुंच पूरे नगर की बिजली बंद करवा दिए।

judge

सतना। धर्मनगरी चित्रकूट में शुक्रवार रात उस समय हड़कंपमच गया, जब न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राम अवतार पटेल ने खुद बिजली सब स्टेशन पहुंचकर पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति बंद करा दी। जज साहब अपने सरकारी आवास की बत्ती गुल होने से नाराज थे। उन्होंने सब स्टेशन के ऑपरेटर को कंट्रोल रूम से बाहर खदेड़कर खुद वहीं बैठ गए। इस घटना के बाद करीब एक घंटे तक सब स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

आंधी-तूफान के कारण बंद थी बिजली

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह ने बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 2 बजे आए तेज आंधी-तूफान के कारण मझगवां से आने वाले 33 केवी के दो फीडर पूरी तरह ठप हो गए थे। घने और अंधेरे जंगल में फाल्ट होने के कारण मेंटेनेंस टीम को पेट्रोलिंग में काफी समय लगा। शुक्रवार दोपहर 12 बजे फाल्ट सुधारकर चित्रकूट की मुख्य सप्लाई बहाल की जा सकी थी। इसके बाद देर शाम तक विभाग ने शत-प्रतिशत सार्वजनिक शिकायतों का निराकरण कर दिया था, केवल कुछ व्यक्तिगत (सिंगल) शिकायतें बची थीं, जिनमें जज साहब का घर भी शामिल था।

'पहले मेरे घर की लाइट सुधारो, तभी चालू होगा कस्बा'

बिजली बंद होने से नाराज न्यायिक मजिस्ट्रेट राम अवतार पटेल शाम करीब 7:30 बजे रजौला सब स्टेशन पहुंचे। उनके साथ दो सिपाही भी थे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि 19 घंटे बीत जाने के बाद भी उनके घर की लाइट क्यों नहीं सुधारी गई। फिर कहा कि जब तक मेरे घर की लाइट सही नहीं होती तब तक पूरे चित्रकूट की लाइट बंद कर दो। इसके बाद आक्रोशित जज और उनके साथ मौजूद सिपाहियों ने रजौला और प्रमोद वन सब स्टेशन से होने वाली पूरे कस्बे की बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इसके बाद ऑपरेटर को कमरे से बाहर निकाल दिया और खुद अंदर बैठ गए। गेट पर दोनों सिपाही खड़े कर दिए जिससे कोई अंदर न आ सके। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि जब तक उनके घर की लाइट ठीक नहीं होगी, पूरे कस्बे की बिजली बंद रहेगी। इसके बाद डरे-सहमे मेंटेनेंस स्टाफ ने आनन-फानन में जज के बंगले की लाइन सुधारने का काम शुरू किया।

उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, मौके पर पहुंचा पुलिस बल

कस्बे की बिजली अचानक दोबारा बंद होने से आक्रोशित होकर काफी संख्या में विद्युत उपभोक्ता रजौला सब स्टेशन पहुंच गए। जब ऑपरेटर ने उन्हें बताया कि खुद जज साहब ने आकर बिजली बंद करवाई है, तो नागरिकों ने सब स्टेशन पर ही विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। जनता का भारी विरोध और बढ़ता गुस्सा देख जज साहब कार्यालय का दरवाजा खोलकर चुपचाप अपने घर के लिए रवाना हो गए।

डीई व जेई पहुंचे स्थिति संभालने

मामले की गंभीरता को देखते हुए कनिष्ठ अभियंता प्रवीण वर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने से पुलिस बल भी सब स्टेशन पहुंच गया। इस संवेदनशील प्रशासनिक टकराव की खबर मिलते ही सतना ग्रामीण के कार्यपालन अभियंता पंकज द्विवेदी भी सतना से चित्रकूट के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और बिजली बहाल कर दी गई है।

जज के खिलाफ दी गई शिकायत

जज के इस तानाशाह रवैये से नाराज जनता सब स्टेशन में हंगामे के बाद विद्युत कर्मियों के साथ पुलिस थाने पहुंची। यहां विद्युत कर्मी ने जज की लिखित शिकायत थाने में दी है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें