30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सम्भल, May 18, 2026

मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती… संभल में विवाहिता की मौत पर बवाल, परिजन बोले- हत्या कर लटकाया

Sambhal News: संभल में 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव ससुराल के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

sambhal newlywed death hanging case

संभल में विवाहिता की मौत पर बवाल

Newlywed Death Hanging Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोमवार को विवाहिता का शव उसके ससुराल के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतका के मायके पक्ष ने इस मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना से फैली दहशत

यह मामला संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र के उदयभानपुर गांव का है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय सतनेश देवी पत्नी विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सतनेश की शादी करीब 9 महीने पहले पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ हुई थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी अपने नए घर में खुशहाल जीवन बिताएगी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद उसके वैवाहिक जीवन में तनाव शुरू हो गया। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे मायके पक्ष को सूचना मिली कि सतनेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत गांव पहुंच गए।

मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप

मृतका के पिता लालाराम ने आरोप लगाया कि उन्होंने बेटी की शादी में अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज और जरूरत का सामान दिया था। इसके बावजूद शादी के दो महीने बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। पिता का कहना है कि सतनेश कई बार फोन पर अपने साथ हो रहे व्यवहार की जानकारी देती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। परिवार का दावा है कि पहले उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर पूरे मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही गुन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने कमरे से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस जांच

पुलिस को प्रारंभिक सूचना महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की मिली थी। हालांकि मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें