Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP News : योग करते समय दरोगा की मौत! दिनभर थाने की छत पर पड़ा रहा शव, किसी को पता ही नहीं चला

UP News : दरोगा सुंदर सिंह रोजाना पांच किलोमीटर दौड़ लगाते थे और व्यायाम करते थे। सोमवार को वह एकांत में थाने की छत पर योग करने गए और वहीं उनकी मौत हो गई।

2 min read
SI Sunder singh Saharanpur

दरोगा सुंदर सिंह की फाइल फोटो ( स्रोत: सोशल मीडिया)

UP News : सहारनपुर के थाना गंगोह में तैनात 55 वर्षीय एक दरोगा की कथित रूप से योग ( YOGA ) करते हुए मौत हो गई। दरोगा रोजाना की तरह सुबह के समय योग करने के लिए थाने में बने क्वार्टर की छत पर गए लेकिन वापस नहीं लौटे। दोपहर बाद तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो तलाश की गई। मोबाइल फोन की घंटी को सुनकर पुलिसकर्मी छत पर गए तो उनका शव वहीं पर पड़ा हुआ था।

मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के रहने वाले थे सुंदर सिंह

मूल रूप से मेरठ के थाना मवाना क्षेत्र के गांव मीवा के रहने वाले 55 वर्षीय दरोगा सुंदर सिंह सहारनपुर के गंगोह थाने में तैनात थे। सुंदर सिंह थाने में ही बने सरकारी क्वार्टर में रहते थे। वह रोजाना योग करते थे और पांच किलोमीटर की दौड़ भी लगाते थे। सोमवार को सुबह से ही कोतवाली में वीआईपी ड्यूटी की तैयारियां चल रही थी। अधिकांश स्टाफ वीआईपी ड्यूटी के लिए सहारनपुर रवाना हो गया। इसी बीच रोजाना की तरह सुंदर सिंह योग करने के लिए क्वार्टर की छत पर गए लेकिन वापस नहीं लौटे। दोपहर तक इनके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं हुई। यानी किसी को पता ही नहीं चला कि सुंदर सिंह की मौत हो गई है।

दोपहर बाद परिजनों ने दी सूचना ( UP News )

गंगोह कोतवाली प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि दोपहर बाद करीब चार बजे सुंदर सिंह के परिजनों की कॉल आई कि सुबह से उनका फोन नहीं उठ रहा है। इस पर तलाश शुरू हुई तो पता चला कि वह तो सुबह से कमरे से बाहर ही नहीं आए। जाकर देखा गया तो कमरे का ताला लगा हुआ था। इसके बाद तलाश शुरू हुई और मोबाइल फोन पर कॉल की गई तो छत से फोन की घंटी बजने की आवाज सुनाई दी। जब स्टाफ ने ऊपर जाकर देखा तो सुंदर सिंह की बॉडी पड़ी हुई थी। आनन-फानन में उन्हे नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया जहां उन्हे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि योग करते हुए ह्दय गति रुक जाने से सुंदर सिंह की मौत हुई होगी। पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।