
Road to connect Rewa Airport to Silpara-Bela Ring Road (फोटो- Patrika.com)
Rewa- मध्यप्रदेश में सड़क चौड़ी करने के लिए किसानों की सहमति से जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने यह बात कही। उन्होंने सड़क निर्माण व अन्य कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुकुल विद्यालय से खैरा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह सड़क रीवा एयरपोर्ट को सिलपरा-बेला रिंग रोड से जोड़ेगी। इससे आसपास के सभी गांवों में जमीनों की कीमतों में इजाफा होगा।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा कलेक्ट्रेट के सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा संबंधित गांवों के किसान उपस्थित रहे। किसानों ने बैठक में कहा कि रीवा के विकास में हम सब उप मुख्यमंत्री शुक्ल के साथ हैं।
गुरुकुल विद्यालय से खैरा तक सड़क के चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में आने वाली जमीनों के लिए चोरहटा, रघुनाथपुर व खैरा गांव के किसानों ने अपनी सहमति दी है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि हवाई अड्डे को जोड़ने वाली इस सड़क के बन जाने से किसानों की शेष जमीनों का भी मूल्य बढ़ेगा।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आपसी सहमति से जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया कम से कम समय में पूरी हो जाएगी। किसानों को उनकी अधिग्रहीत जमीन का उचित मुआवजा भी शीघ्र मिल जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर अतिशीघ्र प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए।
सिलपरा-बेला रिंग रोड के संबंध में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। आगामी अप्रैल माह में रिंग रोड का लोकार्पण हो जाएगा। रिंग रोड के लोकार्पण से पूर्व ही गुरूकुल से खैरा होकर बनने वाली सड़क का चौड़ीकरण कार्य भी पूरा करा लिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा शहर के उत्तरी छोर में निर्माणाधीन चोरहटा-रतहरा बायपास के सिक्स लेन चौड़ीकरण मार्ग की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रीवा संभागीय मुख्यालय प्रदेश का पहला संभागीय मुख्यालय होगा जहां आगामी माह में शहर के चारों तरफ बायपास या रिंगरोड का निर्माण हो जाएगा।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि 9 एवं 10 फरवरी को शिविर आयोजित कर किसानों से सहमति पत्र लेकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। इससे शीघ्र ही जमीन का अधिग्रहण किया जाकर नियत समय में चौड़ीकरण कार्य किया जा सकेगा। बैठक में ढेकहा तिराहा के चौड़ीकरण तथा एयरपोर्ट विस्तार कार्य पर भी चर्चा की गई।
Updated on:
08 Feb 2026 03:58 pm
Published on:
08 Feb 2026 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
