
CM Mohan Yadav Hits Back at Congress (Patrika.com)
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा जिले में गुढ़ इलाके के पास खामडीह में स्थित भैरव बाबा मंदिर (Bhairav Baba temple) का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अद्भुत प्रतिमा को देखने अब पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र का विकास होगा। सरकार मंदिरों का हर क्षेत्र में कायाकल्प करवा रही है। कांग्रेसी सवाल उठाते हैं कि मंदिर क्यों बनाए जा रहे हैं। इसके पहले भगवान राम के जन्म स्थान के प्रमाण मांगे गए। कोर्ट ने उचित निर्णय देते हुए श्रीराम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उस फैसले से सभी खुश हैं।
हिन्दुओं ने पांच सौ वर्षों तक तपस्या किया और अब भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अयोध्या में आनंद के हिलोरे ले रहा है। सनातन संस्कृति की जय-जयकार हो रही है। मध्यप्रदेश में भी उज्जैन में महाकाल के महालोक का लोकार्पण हुआ, चित्रकूट, सांदीपनी आश्रम, ओरछा सभी आनंद में झूम रहे हैं। चित्रकूट में 2250 करोड़ रुपए का काम चल रहा है, अभी यहां पर तीन हजार करोड़ रुपए से और काम होंगे। समारोह में देवतालाब विधायक गिरीश गौतम, नागेन्द्र सिंह गुढ़, सिद्धार्थ तिवारी त्योंथर, नरेन्द्र प्रजापति मनगवां सहित अन्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव (CM Mohan Yadav) ने कहा कि गुढ़ के भैरव लोक को हर तरह से विकसित किया जाएगा। इसके नजदीक ही करीब 100 एकड़ क्षेत्रफल में नया इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जाएगा। भैरव बाबा मंदिर के नजदीक करीब 20 करोड़ की लागत से नया तालाब बनाया जाएगा। दो करोड़ की लागत से लाल पत्थर से गेट बनाया जाएगा, बाउंड्रीवाल के साथ ही भैरव मंदिर के पास पुलिस चौकी और विश्राम गृह भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने श्यामशाह मेडिकल कॉलेज में 322 करोड़ से हो रहे 15 अलग-अलग निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। कॉलेज के अंतर्गत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े लोकतांत्रित और विविधता से भरे देश में विकास के लिए 10-11 साल का समय मिलना कम है। फिर भी केंद्र सरकार पूरी तन्मयता से विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों की अकर्मण्यता के कारण पीढिय़ां बर्बाद हो गईं। आजादी के 55 साल बाद भी प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज रहे। हमारी सरकार ने इनकी संख्या बढ़ाकर 19 कर दी है और 14 निजी मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं। अब आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। बालाघाट और सिंगरौली जैसे आदिवासी इलाकों में भी मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। इन कॉलेजों से 10 हजार डॉक्टर प्रतिवर्ष निकलेंगे। (MP News)
Updated on:
01 Feb 2026 12:46 am
Published on:
01 Feb 2026 12:45 am

बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
