रायपुर, May 29, 2026

शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या
Raipur Crime News: राजधानी से लगे मंदिर हसौद में एक हत्या मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार भूनेश्वर यादव, पार्षद गोलू रात्रे और अन्य लोग मिलकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान गोलू और भूनेश्वर के बीच विवाद हो गया। इसके बाद भूनेश्वर को वाहन में बिठाकर अन्य जगह पर ले गए जहां उसके साथ मारपीट की गई। इससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने 22 मई को मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। भूनेश्वर एक स्टील प्लांट में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने मौत से पहले पार्षद से पत्नी की मोबाइल से बात करवाई थी। इस पर पुलिस ने पार्षद रात्रे सहित चार लोगों हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।
नशे की हालत में भुवनेश्वर और पार्षद रात्रे के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हुई। विवाद बढ़ने के बाद पार्षद अपने साथियों के साथ भुवनेश्वर को कार में बैठाकर वहां से ले गया। इसके बाद युवक को महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले जाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रेत में दफना दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भुवनेश्वर के परिजन और आसपास के ग्रामीण थाने के बाहर जमा हो गए। उन्होंने आरोपी पार्षद को तत्काल पुलिस के हवाले करने की मांग की। स्थानीय पुलिस ने समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, लोग काफी आक्रोशित थे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लगातार कर रहे थे।
पुलिस ने जब कड़ाई से पार्षद से पूछताछ की तो इस हत्याकांड और लाश के बारे में पता चला, महासमुंद की पुलिस भी केस की जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर परिजन रातों की नींद खराब करके 22 मई से लगातार भुवनेश्वर को तलाश रहे थे। 28 मई को पता चला कि पार्षद गोलू रात्रे ने उसे अपने साथियों के साथ मिलकर मार डाला है। खास बात ये है कि गोलू ने कांड करने के बाद घर वालों से संपर्क किया, अनजान की तरह बर्ताव करते हुए, भुवनेश्वर को ढूंढने का ढोंग किया।
परिजनों के पास जाकर कहा कि बैगा के पास जाकर पता लगाते हैं, बैगा को बुलवा दिया कि भुवनेश्वर को प्रेत लेकर चले गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्षद कई तरह के अवैध धंधों से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले में उसपर समय रहते एक्शन नहीं लिया, जबकि ये जानकारी दी गई थी कि आखिरी बार पार्षद के साथ ही भुवनेश्वर मौजूद था।
Updated on: 29 May 2026 09:18 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।