रायपुर, Jun 07, 2026

Patrika campaign(photo-patrika)
Patrika campaign: छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली खारून नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे पत्रिका के विशेष स्वच्छता अभियान को रविवार को व्यापक जनसमर्थन मिला। अभियान में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे स्वयं शामिल हुईं और महादेव घाट पहुंचकर सफाई कार्य में भाग लिया। इस दौरान नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान के तहत महादेव घाट और उसके आसपास के क्षेत्र में सफाई की गई। नदी किनारे जमा कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया। सफाई के दौरान लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया।
इस अभियान में नगर निगम के सभी 70 वार्डों के पार्षदों ने सहभागिता निभाई। वहीं निगम के 10 जोनों के कर्मचारी और अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने नदी तट और घाट क्षेत्र की साफ-सफाई कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि खारून नदी केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान भी है। इसे स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रिका द्वारा जनभागीदारी के माध्यम से चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रहा है।
अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही खारून नदी को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सकता है। लोगों से नदी में कचरा न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की गई।
अभियान में शामिल सभी लोगों ने खारून नदी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। पत्रिका का यह अभियान न केवल सफाई तक सीमित है, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास है।
Updated on: 07 Jun 2026 12:03 pm



कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।